नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रोड कनेक्टीविटी के लिए कलेक्टर ने किया निरीक्षण
राजनांदगांव
नक्सल प्रभावित सुदूर वनांचल मानपुर, मोहला एवं अम्बागढ़ चौकी के विभिन्न ग्रामों में रोड कनेक्टीविटी के लिए निमार्णाधीन कार्यों का कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने सघन निरीक्षण किया। दूरस्थ अंचलों में अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने और जिले में अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे कार्य कलेक्टर के मार्गदर्शन में साकार रूप ले रहे हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर रोड कनेक्टीविटी के लिए लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा एडीबी द्वारा किए जा रहे निमार्णाधीन कार्यों का कलेक्टर ने जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को शीघ्र ही कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। सड़कों के इस जाल से बहुत से ग्राम विकासखंड मुख्यालय से जुड़ेगें और इन दूरस्थ ईलाकों में मुलभूत सुविधाएं सुगम मिलने से इन क्षेत्रों को तस्वीर बदलेगी। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने कहा कि नक्सल प्रभावित दूरस्थ अंचलों में प्राथमिकता देते हुए सड़क के निमार्णाधीन कार्यों को पूरा किया जा रहा है। जिससे लोगों को आवागमन में सुविधाएं मिलेगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सुविधाएं सहज उपलब्ध होंगी। उल्लेखनीय है कि इन सड़कों के बन जाने से सघन अंदरूनी ईलाकों तक लोगों को सुविधाएं मिलेगी। कलेक्टर वर्मा ने पल्लेमाड़ी स्थित पुलिस बेस कैम्प तथा 44वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) तक जाकर सड़क का निरीक्षण किया और इन क्षेत्रों में सड़क निर्माण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने चौकी विकासखंड के ग्राम बिहरीटोला से खडगांव रोड तक निमार्णाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस सड़क की लम्बाई 39.17 किलोमीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी के एडीबी प्रोजेक्ट के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके लिए 107 करोड़ 66 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है। कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को पूर्ण गुणवश्रा के साथ सड़क पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क की लम्बाई 39.17 किलोमीटर है, जो सीधा बालोद जिला से जुड़ती है। इस रोड में 14 छोटे पुल , 12 सामान्य पुल और 78 पाईप पुलिया है। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण कोविड-19 के समय प्रारंभ हुआ था और इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

पाठको की राय