मुख्यमंत्री ने किया आजादी का अमृत महोत्सव अभियान का शुभारंभ
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शौर्य स्मारक से भारत की आजादी के 75वें वर्ष को पूरे प्रदेश में समारोह पूर्वक मनाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में बच्चों को गलत इतिहास पढ़ाया गया है। ऐसा बताया है कि आजादी की लड़ाई सिर्फ कुछ ही लोगों ने लड़ी है। जबकि ऐसा नहीं है। इस मौके पर सीएम ने कहा कि हम जैसे बुजुर्गो को तीर्थ करवाते हैं वैसे ही प्रदेश के बच्चों को साल में एक बार अंडमान निकोबार की यात्रा करवाएंगे जहां वे आजादी की लडाई के निशान देखेंगे। इतना ही नहीं प्रदेश के स्कूलों में एनसीसी को भी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वे साल में हमारा सर गर्व से ऊंचा हो जाता है।
महोत्सव प्रदेश के सभी 52 जिला मुख्यालयों सहित आजादी के संघर्ष से जुड़े जन-नायकों एवं आंदोलन से संबद्ध स्थलों पर भी आयोजित किया जायेगा जहां स्वतंत्रता आंदोलन संघर्ष की अमर-गाथाएं विद्यमान हैं। इसके पहले उन्होंने शौर्य स्मारक स्थित भारत माता प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शौर्य स्तंभ पर शहीदों के सम्मान में पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पुलिस बैंड के साथ देशभक्ति गीत-भजनों की प्रस्तुति भी दी गई। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री प्रभुराम चौधरी व ओमप्रकाश सकलेचा सहित बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे।
राहुल में नहीं क्षमता: शिवराज: राहुल गांधी के भारत में लोकतंत्र खत्म होने के बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पलटवार करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुलजी में क्षमता नहीं है इसलिए वे दूसरों को दोष देते हैं। सीएम ने आज स्मार्ट सिटी पार्क में पौधरोपण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जिन्होंने लोकतंत्र का गला घोंटा, लोकतंत्र समाप्त कर आपातकाल लगाया, हजारों लोगों को जेल में डालकर अनेक परिवार तबाह किए, वही लोग आज भारत में लोकतंत्र न होने की बात करते हैं तो हंसी भी आती है।
बच्चों के लिए बारिश में आए सीएम
कार्यक्रम के दौरान बारिश होने से वहां मौजूद बच्चे गीले होने लगे, जिन्हें देखकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपनी कुर्सी मंच से नीचे खुले एरिया में कर ली। उन्होंने कहा कि बच्चों तुम्हारे साथ तुम्हारा मामा भी बारिश में भीगेगा।

पाठको की राय