Friday, October 23rd, 2026

मुख्यमंत्री चौहान ने रोपा बरगद का पौधा

 भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में बरगद का पौधा रोपा। मुख्यमंत्री चौहान प्रतिदिन एक पौधा लगा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उन्होंने विकास और शीतलता की छाया देने वाले बरगद का पौधा लगाया है। पौध रोपण के अवसर पर गृह, जेल एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, लोकेन्द्र पाराशर एवं अन्य जन-प्रतिनिधि, नागरिक, कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। स्मार्ट उद्यान में चांदनी, रूद्राक्ष और सप्तपर्णी के पौधे भी लगाए गए।

शहीदों का स्मरण भी किया

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज शहीद भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव, हेमू कालाणी और डॉ. राममनोहर लोहिया को याद करने का दिन है। इन शहीदों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

कोरोना से बचाव के लिए सजग रहें

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोरोना की जो लहर आई है, हम सभी को पूर्ण सजग रहना है। फेस मास्क के उपयोग, सेनेटाइजर के उपयोग और सोशल डिस्टेसिंग के साथ गतिविधियाँ संचालित हों। स्वयं की रक्षा के साथ ही अन्य सभी की रक्षा भी हमारा कर्तव्य है, इसे न भूलें। मुख्यमंत्री चौहान ने आज प्रारंभ किए जा रहे संकल्प अभियान की भी जानकारी दी।

 

#बरगद का पौधा

Source : Agency

पाठको की राय