Wednesday, October 21st, 2026

CM शिवराज बोले- नंदू भैया का जाना निजी क्षति

भोपाल
मध्य प्रदेश के खंडवा के भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन हो गया. कोरोना संक्रमण के बाद दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती बीजेपी सांसद ने कल देर रात आखिरी सांसें लीं. कोरोना वायरस संक्रमण के बाद उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था. मध्य प्रदेश से भाजपा के वरिष्ठ सांसद के निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गहरी शोक संवेदना जताई है. उन्होंने बीजेपी सांसद के निधन पर ट्वीट कर शोक जताया है.

सीएम शिवराज ने नंदकुमार सिंह चौहान के प्रति व्यक्त शोक संवेदना में कहा है, 'लोकप्रिय जननेता नंदू भैया, हम सबको छोड़कर चले गये. हमारे सब प्रयास विफल हुए. नंदू भैया के रूप में भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया. मैं व्यथित हूं.' शिवराज सिंह चौहान ने नंदकुमार सिंह चौहान के निधन को निजी क्षति बताया है. उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है.'

मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में नंदकुमार चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए भी अपनी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा, 'प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदू भैया ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया. नंदू भैया की पार्थिव देह आज उनके गृह ग्राम पहुंचेगी. कल हम सब उन्हें विदाई देंगे. मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं.' एमपी बीजेपी के कई अन्य नेताओं ने भी पार्टी के वरिष्ठ सांसद के निधन पर शोक जताया है.

मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, 'भाजपा के वरिष्ठ नेता और खंडवा के लोकप्रिय सांसद श्री नंदकुमार चौहान जी के दुखद निधन से स्तब्ध हूं. उन्होंने भाजपा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई थी. नंदू भैया 6 बार सांसद, 2 बार प्रदेश अध्यक्ष, 2 बार विधायक एवं 3 बार नगर पालिका अध्यक्ष रहे. वो केवल खंडवा ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लोकप्रिय नेता थे. उनकी सादगी, स्पष्टता, सौम्यता उनके व्यक्तित्व को अन्य से प्रथक बनाती थी'. वीडी शर्मा ने चौहान के निधन पर किए एक के बाद एक कई ट्वीट में कहा, 'उनका यूं अचानक जाना भाजपा परिवार ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर से विनम्र प्रार्थना है कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने का संबल दें. ॐ शांति!!'

 

#CM शिवराज#नंदू

Source : Agency

पाठको की राय