Wednesday, October 21st, 2026

CBI का नोटिस: इस तरह के हथकंडों से नहीं डरेंगे: अभिषेक बनर्जी

कोलकाता                                     
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा रविवार दोपहर को पत्नी को नोटिस थमाए जाने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने पलटवार किया है। बनर्जी ने कहा कि वे इस तरह के हथकंडों से नहीं डरेंगे। सीबीआई ने आज दोपहर दो बजे कोयला चोरी मामले में अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी को नोटिस थमाते हुए उन्हें पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा था। माना जा रहा है कि इस घटनाक्रम से चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तापमान एक बार फिर बढ़ सकता है।

पत्नी को नोटिस मिलने के बाद सांसद अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट किया, ''आज दोपहर दो बजे, सीबीआई ने मेरी पत्नी के नाम पर नोटिस दिया है। हमें कानून पर पूरा भरोसा है। हालांकि, यदि उन्हें लगता है कि इस तरह के हथकंडों से हमें डराया जा सकता है तो वे गलत हैं। हम वे नहीं हैं जिसे दबाया जा सके।'' बनर्जी ने अपने ट्वीट के साथ सीबीआई के नोटिस की तस्वीर भी शेयर की।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि सीबीआई की एक टीम अभिषेक के घर गई थी लेकिन कोई नोटिस नहीं दिया। टीम वापस चली गई। अफसरों ने कहा कि वे फिर आएंगे। यह पता है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चुनाव से पहले हमें डराने की कोशिश करेगी। हम चिंतित नहीं हैं। टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि यह एक अच्छी तरह से तैयार स्क्रिप्ट का हिस्सा है। पूरे बीजेपी नेतृत्व ने मुख्यमंत्री और अभिषेक बनर्जी पर निशाना साध रखा है। अगर सीबीआई मामलों को सुलझाने के लिए काफी उत्सुक है तो फिर वह नारद मामले में बीजेपी नेता मुकुल रॉय या शारदा चिट फंड मामले में शुभेंदु अधकारी को गिरफ्तार क्यों नहीं करती है। दोनों आरोपी हैं।

 

#अभिषेक बनर्जी

Source : Agency

पाठको की राय