Budget 2021: वित्त मंत्रालय पहुंची निर्मला सीतारमण
नई दिल्ली
संसद में देश का आम बजट सोमवार एक फरवरी को पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 10:15 बजे संसद में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक करेंगी। इसमें 2021-22 के लिए बजट को पेश करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। फिर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से इजाजत ली जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे वित्त मंत्री सीतारमण बजट पेश करेंगी।
बजट में कोरोना वायरस महामारी से जूझती अर्थव्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए कई एलान किए जा सकते हैं। वहीं आम आदमी को सरकार से रोजगार, टैक्स में रियायत, महंगाई जैसे मुद्दों पर राहत की उम्मीद है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा को लेकर भी अहम घोषणा की जा सकती है। बाजार को वित्त मंत्री से संशोधित विनिवेश लक्ष्य की उम्मीद है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंच गई हैं। वे आज संसद में आम बजट 2021-22 पेश करेंगी। आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि यह बजट कोविड-19 महामारी के कारण हुए नुकसान के बाद भरपाई की शुरुआत रहेगा। इसे महज एक ‘बहीखाता’ होने के साथ-साथ पुरानी योजनाओं को ‘नई बोतल’ में बंद करने से परे होना चाहिए। साथ ही विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए सरकार की तरफ से भविष्य के रोडमैप जैसा होना चाहिए।
वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर वित्त मंत्रालय पहुंच गए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में आम बजट पेश करेंगी। वित्तमंत्री महामारी से प्रभावित आम आदमी को राहत देने के साथ-साथ देश को आर्थिक रिकवरी की राह पर लौटाने के अपने वादे के बीच संतुलन बैठाने का प्रयास करेंगी। इसके लिए आम बजट में स्वास्थ्य सेवाओं और पड़ोसी देशों के साथ चल रहे तनाव के बीच ढांचागत निर्माण व सुरक्षा पर ज्यादा खर्च बढ़ाए जाने पर जोर रहेगा।

पाठको की राय