Monday, October 19th, 2026

ला लीगा में बार्सिलोना को मिली दमदार जीत

मैड्रिड
 लियोन मेसी के दो गोल की मदद से एफसी बार्सिलोना ने ला लीगा मुकाबले में हुएस्का को 4-1 से शिकस्त दी। बार्सिलोना ने इस जीत के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मौजूद एटलेटिको मैड्रिड के साथ अंकों का फासला कम कर लिया है।

बार्सिलोना की ओर से मेसी ने मैच के 13वें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद पहला हाफ खत्म होने से कुछ समय पहले एंटोनी ग्रीजमैन ने 35वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। पहले हाफ के खत्म होने तक बार्सिलोना ने हुएस्का पर 2-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही हुएस्का ने वापसी की और राफा मीर ने शानदार गोल कर बढ़त कम करने की कोशिश की।

इसके बाद बार्सिलोना की ओर से ऑस्कर मिनगुएजा ने 53वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया और हुएस्का पर दबाव बढ़ाया। हुएस्का जहां बढ़त कम करने की कोशिश कर रहा था तो वहीं मेसी ने 90वें मिनट में एक और गोल कर बार्सिलोना को 4-1 से आगे कर दिया। हुएस्का इसके बाद कोई गोल नहीं कर सका और उसे हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के बाद बार्सिलोना के 27 मैचों में 59 अंक हो गए हैं और उसका 27 मैचों में 63 अंक लेकर पहले स्थान पर मौजूद एटलेटिको मैड्रिड के साथ फासला चार अंकों का रह गया है।

मेसी ने बराबर किया जावी हर्नाडेज का रिकॉर्ड

मेसी का यह बार्सिलोना के लिए 767वां मुकाबला था। इसके साथ ही मेसी ने पूर्व मिडफील्डर जावी हर्नाडेज के बार्सिलोना के लिए सर्वाधिक मैच खेलने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। कोच रोनाल्ड कोमैन ने मेसी की तारीफ करते हुए उन्हें बार्सिलोना क्लब इतिहास का सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर बताया।

 

#रोनाल्ड कोमैन मेसी

Source : Agency

पाठको की राय