Wednesday, October 21st, 2026

बांग्लादेश: हमले के लिए उकसाने वाला मुख्य संदिग्ध गिरफ्तार

ढाका
बांग्लादेश के सिलहट संभाग में हिंदुओं के 80 घरों पर हमले के लिये उकसाने के मुख्य संदिग्ध को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से एक पोस्ट किये जाने के बाद कट्टरपंथी इस्लामी समूह ने ये हमला किया था। 'बीडीन्यूज24.कॉम' की खबर के अनुसार पुलिस अन्वेषण ब्यूरो (पीआईबी) ने यूनियन परिषद के सदस्य तथा युवा लीग के स्थानीय वार्ड के अध्यक्ष शाहिद-उल-इस्लाम स्वादीन को मौलवीबाजार जिले से गिरफ्तार कर लिया।


पीआईबी के विशेष पुलिस अधीक्षक खालिद-उज-जमां ने कहा, 'स्वादीन शल्ला उपजिला के नवगांव में किये गए हमलों में मुख्य संदिग्ध है।' पुलिस ने कहा कि स्वादीन समेत कुल 23 लोगों को अबतक गिरफ्तार किया जा चुका है। बुधवार को सिलहट संभाग के सुमनगंज जिले के शल्ला उपजिला में हिफाजत-ए-इस्लाम के नेता ममनून-उल-हक के हजारों समर्थकों ने हिंदुओं के एक गांव पर हमला कर दिया था, जिसके सिलसिले में ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

पुलिस के अनुसार हक के समर्थक नवगांव में जमा हुए और डंडों तथा देसी हथियारों से स्थानीय हिंदुओं के घरों पर हमला कर 70-80 घरों को तोड़ दिया। खबर में कहा गया है कि कई स्थानीय हिंदू जान बचाकर वहां से भाग गए। इस दौरान भीड़ ने गांव में घुसकर कई घरों में लूट-पाट की। हिफाजत-ए-इस्लाम के अमीर अल्लामा जुनैद बाबूनगरी, संयुक्त महासचिव मौलाना मुफ्ती मामुनुल हक और कई अन्य नेताओं ने सोमवार को डेरा उपजिला में एक जलसे में भाग लिया था।

खबर में कहा गया कि हक के भाषण से आक्रोशित होकर एक हिंदू युवा ने कथित तौर पर फेसबुक पर आलोचनात्मक पोस्ट लिखी थी, जिसके बाद भीड़ ने बुधवार को गांव पर हमला किया। हालात को काबू में करने के लिये घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेश पुलिस की अपराध-रोधी तथा आतंकवाद-रोधी इकाई रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) को भी तैनात किया गया है।

 

 

#संदिग्ध गिरफ्तार

Source : Agency

पाठको की राय