Tuesday, October 20th, 2026

बजरंग पूनिया बने दुनिया के नंबर वन रेस्लर,जीता गोल्ड मेडल

नई दिल्ली
 भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगट की स्वर्णिम जीत के बाद पुरुषों की कुश्ती के स्टार बजरंग पूनिया ने रोम के माटेयो पेलिकोन में चल रही रोम रैंकिंग सीरीज में स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। 65 किलोग्राम भार वर्ग के फ्री स्टाइल इवेंट के फाइनल में मंगोलिया के तुल्गा तुमुर ओचिर को बजरंग पूनिया ने 2-2 से हराया। इस इवेंट में बजरंग पूनिया का ये लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है और वे अब दुनिया के नंबर वन पहलवान बन गए हैं।

गौरतलब है कि पिछली बार रोम रैंकिंग सीरीज में बजरंग पूनिया ने संयुक्त राज्य अमेरिका यानी यूएसए के जॉर्डन ओलिवर को हराकर खिताब अपने नाम किया था। बजरंग पूनिया ने रोम रैंकिंग का फाइनल जीतते ही नंबर वन रैंक हासिल कर ली है। इससे पहले वह वर्ल्ड रैंकिंग लिस्ट में दूसरे स्थान पर थे। पूनिया ने दूसरी बार यह रैंकिंग हासिल की है। इससे पहले वे साल 2018 में भी विश्व के नंबर एक पहलवान थे। फिर से उन्होंने शीर्ष पर कब्जा जमाया है।

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने फ्री स्टाइल कुश्ती इवेंट की वर्ल्ड रैंकिंग लिस्ट जारी की है, जिसमें बजरंग पूनिया शीर्ष पर हैं। बजरंग पूनिया कोरोना के कारण एक साल के बाद प्रतिस्पर्धी मुकाबले में खेल रहे हैं। 27 वर्षीय पूनिया ने रोम रैंकिंग सीरीज के सेमीफाइनल में अमेरिका के जोसेफ क्रिस्टोफर को 6-3 से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में तुर्की के सेलिम कोजान को 7-0 से हराया था।

 

#Bajrang Poonia

Source : Agency

पाठको की राय