Wednesday, October 21st, 2026

बीजेपी के चुनावी रथ पर पश्चिम बंगाल में हमला, बीजेपी बोली- हार सामने देख गुंडागर्दी पर उतरी TMC

पुरुलिया
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में बीजेपी के चुनावी रथ पर हमले पर अब राजनीति तेज हो गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि रथ को टीएमसी के गुंडों ने रोकने की कोशिश की और तोड़फोड़ की। नड्डा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को अपनी हार सामने दिख रही है इसलिए वह ऐसे हथकंडे अपना रही है। बीजेपी के चुनावी रथ पर हमले में ड्राइवर जख्मी हुआ है। जिस रथ पर हमला हुआ उसे जेपी नड्डा हरी झंडी दिखाने वाले थे। नड्डा ने कहा, 'बीजेपी ने दो यात्रा- एक कारदीप और कुतुलपुर से अम्बेडकर यात्रा तय की थी। एक यात्रा कुतुलपुर से मैंने शुरू की, लेकिन कारदीप की यात्रा को टीएमसी के गुंडों ने रोकने की कोशिश की और तोड़फोड़ की। बीजेपी इसकी निंदा करती है।' उन्होंने आगे कहा, 'टीएमसी जान चुकी है कि हार सामने है इसलिए वह बौखलाहट में ऐसा काम कर रही है।'

'ममता बनर्जी के इशारे पर उनकी पार्टी कर रही गुंडागर्दी'
हमले पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, 'हम इसकी भर्त्सना करते हैं। यह TMC की हताशा है। उनको हार का अहसास है, इसलिए वे इस तरह का दुस्साहस कर रहे हैं। चुनाव आयोग को इस तरह की घटनाओं पर कार्रवाई करनी चाहिए। पश्चिम बंगाल में हिंसा का जो तांडव हो रहा है उसके लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं। उनके इशारे के बिना वहां सरकार में कुछ नहीं होता। उनके निर्देशों पर ही उनकी पार्टी गुंडागर्दी पर उतर आई है।'
 

 

#बीजेपी

Source : Agency

पाठको की राय