Tuesday, October 20th, 2026

BJP नेता शाहनवाज और VIP सुप्रीमो सहनी की जीत तय 

पटना 
बिहार विधान परिषद को दो सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन और वीआईपी प्रमुख व पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के राज्यसभा जाने से खाली हुई सीट पर शाहनवाज हुसैन ने नामांकन किया है, जिनका कार्यकाल छह मई, 2024 तक रहेगा।

मालूम हो कि इसके पहले भी वर्ष 2006 में जब सुशील मोदी ने भागलपुर लोकसभा सीट छोड़ी थी तो शाहनवाज उपचुनाव में उम्मीदवार बने और जीते। वहीं पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा के विधायक बनने से रिक्त हुई सीट पर मुकेश सहनी ने नामांकन किया है। इनका कार्यकाल 21 जुलाई, 2022 तक रहेगा। दोनों सीटों के लिए कोई और नामांकन नहीं हुआ है। इसलिए इनकी जीत तय मानी जा रही है।

21 जनवरी को नाम वापसी के दिन दोनों नेताओं को प्रमाणपत्र दे दिया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और मंगल पांडेय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, सांसद सुशील कुमार मोदी समेत अन्य नेता और समर्थक मौजूद थे। 

 

#BJP नेता शाहनवाज

Source : Agency

पाठको की राय