Tuesday, October 20th, 2026

BJP नेता राम माधव बोले- सोशल मीडिया पर कानून बनाने पर काम चल रहा है

कोलकाता
सोशल मीडिया पर कुछ भी लिखने और बोलने से पहले कई बार सोचना होगा। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम माधव की मानें तो आने वाले समय में जल्द ही सोशल मीडिया को रेगुलेट करने के लिए कानून लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया इतना ताकतवर हो गया है कि वह सरकारों को भी गिराने की ताकत रखता है, जिसके चलते अराजकता पैदा हो सकती है और लोकतंत्र कमजोर हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए संवैधानिक ढांचे के तहत समाधान ढूंढने की जरूरत है। माधव ने अपनी नई किताब ‘बिकॉज इंडिया कम्स फर्स्ट’ के विमोचन के मौके पर कहा कि इन दिनों लोकतंत्र दबाव में है और नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘सोशल मीडिया इतना ताकतवर है कि वह सरकारों को भी गिरा सकता है और उसका नियमन मुश्किल है क्योंकि यह सीमाओं से परे है। इससे लोकतंत्र कमजोर होता है, लेकिन इसका समाधान संवैधानिक ढांचे के भीतर खोजा जाना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि मौजूदा कानून इससे निपटने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।

'नए कानूनों की जरूरत है, सरकार इस पर काम कर रही'
माधव ने कहा, ‘हमें इससे निपटने के लिए नए नियमों और कानूनों की जरूरत है। सरकार इस दिशा में पहले से काम कर रही है।’ माधव का यह बयान हाल ही में कई ट्विटर (Twitter news) अकाउंट्स को ब्लॉक (बंद) किए जाने को लेकर सरकार और ट्विटर के बीच जारी विवाद के बीच आया है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने माइक्रो ब्लॉगिंग कंपनी ट्विटर से भारतीय कानून का पालन करने को कहा है।

 

#BJP नेता राम माधव

Source : Agency

पाठको की राय