अश्विन को आईसीसी का 'बेस्ट प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड
दुबई
भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए मंगलवार को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) का 'महीने (फरवरी) का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी' चुना गया। अश्विन के ऑलराउंड खेल से भारतीय टीम टेस्ट सीरीज को 3-1 से जीत कर आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह पक्की की।
इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट को महीने का सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया। आईसीसी से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि अश्विन ने इस दौरान खेले गये तीन टेस्ट मैचों में 24 विकेट चटकाने के अलावा चेन्नई में दूसरी पारी में 106 रन का शानदार योगदान देकर इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के रूख को मोड़ने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इन मैचों में कुल 176 रन का योगदान दिया। उन्होंने अहमदाबाद में खेले गये तीसरे मैच में अपने टेस्ट विकेट की संख्या को 400 के पार पहुंचाया।
अश्विन के साथ इस सूची में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट (333 रन और छह विकेट) और वेस्टइंडीज के पदार्पण कर रहे खिलाड़ी कायल मायर्स को नामांकन मिला था। मायर्स ने बांग्लादेश के साथ श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 210 रन बनाये थे जिससे उनकी टीम ने 395 रन के बड़े लक्ष्य को हासिल किया था।
आईसीसी ने कहा कि इन मैचों में कुल 176 रन बनाने और 24 विकेट लेने के लिए अश्विन को पुरुष वर्ग में फरवरी का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है। टैमी ब्यूमोंट ने इस दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों में तीन अर्धशतकीय पारी खेल कुल 231 रन बनाये थे।

पाठको की राय