एंटीलिया केस उद्धव सरकार ने मुंबई पुलिस कमिश्नर का किया तबादला
मुंबई
एंटीलिया केस में बढ़ती जांच के बीच उद्धव सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुंबई पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह का तबादला कर दिया गया है. उनकी जगह अब हेमंत नागराले मुंबई पुलिस कमिश्नर का पद संभालेंगे. परमवीर सिंह का तबादला होमगार्ड विभाग में किया गया है.
परमबीर सिंह पर यह कार्रवाई मुंबई पुलिस के पूर्व अधिकारी सचिन वझे की गिरफ्तारी के एक दिन बाद की गई है। सचिन वझे को एंटीलिया के विस्फोटक कार कांड में एनआईए ने गिरफ्तार किया है। वझे विभाग में परमबीर सिंह को ही रिपोर्ट करते थे। इसके अलावा परमबीर सिंह की अध्यक्षता वाली रिव्यू कमिटी ने ही विवादास्पद अधिकारी सचिन वझे को 16 साल बाद अदालत के आदेश के खिलाफ जाकर बहाल किया था।
सीएम ठाकरे से मिले थे परमबीर सिंह
तबादले से पहले मंगलवार देर रात परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने भी पहुंचे थे। बता दें कि मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोट से भरी कार मिलने के मामले में पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह, पुलिस अधिकारी सचिन वझे की भूमिका संदिग्ध रूप से सामने आ रही है। मंगलवार को एनआईए ने इस बात की पुष्टि की थी कि सीसीटीवी फुटेज में अंबानी के घर के पास पीपीई किट पहने दिखने वाला संदिग्ध शख्स सचिन वझे हैं।
वहीं, इससे पहले स्कॉर्पियो में विस्फोटक रखने वाला शख्स बाद में जिन इनोवा कार में सवार हुआ था, वह परमबीर सिंह के ऑफिस के सामने मिली थी। जांच एजेंसी मामले में पुलिस अधिकारियों के कनेक्शन की जांच में जुटी है।
क्या था मामला
उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटकों से भरी स्कॉर्पियो मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी। बाद में रहस्यमयी परिस्थितियों में स्कॉर्पियो के मालिक मनसुख हिरेन का शव बरामद किया गया था। इस मामले में हिरेन की पत्नी ने पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वझे पर गंभीर आरोप लगाए थे।

पाठको की राय