Wednesday, October 21st, 2026

दमोह सीट पर BJP उम्मीदवार राहुल लोधी को टक्कर देंगे कांग्रेस के अजय टंडन

भोपाल
दमोह विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार राहुल लोधी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस पार्टी पुराने चेहरे अजय टंडन को उतारने की तैयारी कर रही है. इसके लिए कांग्रेस पार्टी आज या कल उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है.

पार्टी सूत्रों के मुताबिक दमोह सीट को लेकर तैयार पैनल में 2 नामों को शामिल किया गया था. पहला नाम अजय टंडन और दूसरा नाम मनु मिश्रा का था. लेकिन, पार्टी ने अजय टंडन को अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है. पार्टी उम्मीदवार के नाम का ऐलान आज या कल कर सकती है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक एआईसीसी की मोहर के बाद टंडन को उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है. 2018 से पहले के दो विधानसभा चुनाव में अजय टंडन कांग्रेस के उम्मीदवार थे, लेकिन बीजेपी के उम्मीदवार जयंत मलैया से चुनाव हार गए थे.

पार्टी एक बार फिर टंडन पर दांव लगाने की तैयारी में नजर आ रही है. वहीं दमोह सीट पर अपना कब्जा बरकरार करने के लिए कांग्रेस ने माइक्रोमैनेजमेंट प्लान तैयार किया है. कांग्रेस के संगठन पदाधिकारियों को दमोह में डेरा डाल पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. एमपी महिला कांग्रेस ने हर वार्ड में 10 महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम को तैनात कर दिया है. महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने बताया कि महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए महिलाओं को बढ़ती महंगाई के प्रति जागरूक करने और 15 महीने की कमलनाथ सरकार की उपलब्धियां गिनाने में जुट गई है.

वहीं बीजेपी ने भी कभी अपनी परंपरागत रही सीट को कांग्रेस से हथियाने के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है. बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है की दमोह चुनाव के लिए बूथ स्तर तक तैयारियां की गई हैं और पार्टी ने निचले स्तर तक नेता और कार्यकर्ताओं की टीम को तैनात कर दिया है. जो बीजेपी उम्मीदवार राहुल लोधी के समर्थन में माहौल बनाने में जुटे हैं .

बहरहाल बीजेपी ने बहुत पहले कांग्रेस से दल-बदल कर पार्टी में आए राहुल लोधी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था और अब इंतजार कांग्रेस की तरफ से उम्मीदवार के नाम का ऐलान का है. सूत्रों के मुताबिक यदि अजय टंडन के नाम पर मुहर लगती है तो मुकाबला दिलचस्प हो सकता है.

 

#दमोह सीट#BJP#कांग्रेस

Source : Agency

पाठको की राय