Saturday, October 24th, 2026

दरवाजे के सामने झूठा पत्तल फेंकने पर युवक को बैट से पीट-पीटकर मार डाला

मुजफ्फरपुर 
दरवाजे के सामने जूठा पत्तल फेंकने का विरोध करने पर शनिवार की शाम मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर करियात ओपी से चंद कदम की दूरी पर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव के शिवनाथ ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में दो पक्षों में तनाव है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। 

ओपी प्रभारी रमेश मिश्र ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। परिवारवालों के बयान पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस को बताया गया है कि पानापुर करियात उच्च विद्यालय के मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच था। इसी दौरान मीट-चावल खाकर युवकों ने जूठा पत्तल शिवनाथ के दरवाजे के सामने फेंक दिया। 

शाम में मजदूरी कर घर लौटने के बाद शिवनाथ ठाकुर ने यह देखकर विरोध जताया। तब कुछ युवक उससे उलझ गए। इसी दौरान बल्ले व विकेट से शिवनाथ ठाकुर की पिटाई शुरू कर दी गई। इससे शिवनाथ गंभीर रूप से घायल हो गये। बाद में उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। 

हत्या की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन व  ग्रामीण ओपी पर जुट गए। फिलहाल पुलिस वहां कैम्प कर रही है। मामला देर राततक शांत नहीं हुआ था। डीएसपी इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस हत्या की जांच में जुटी है। 

 

Source : Agency

पाठको की राय