Tuesday, October 20th, 2026

7 करोड़ का वृक्षारोपण हुआ शहर में,विधायक ने पूछा कहां तो जवाब नहीं दे पाये अधिकारी

रायपुर
जिला निगरानी समिति की बैठक सांसद सुनील सोनी व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों की जमकर परेड ली, सांसद की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 7 करोड़ रुपए खर्च कर शहर में वृक्षारोपण किया गया है। इस पर पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इतने बड़ी राशि खर्च की गई मगर शहर में पेड़-पौधे दिखते नहीं, कहां गए ? इस सवाल का जवाब अधिकारी दे न सके। अब 15 के भीतर इसकी जानकारी देने को कहा गया है।

सांसद सुनील सोनी ने अधिकारियों से कहा कि रायपुर शहर के वार्ड वार पूरी जानकारी भेजें। सांसद ने बताया कि जिले में योजनाओं के सही क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बैठक में विधायक कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर मौजूद थे। सोनी ने बताया कि इस बैठक में पीएम आवास, स्मार्ट सिटी जैसी हर योजना से जुड़े विभागों पर चर्चा की गई। शहर में बहुत से इलाकों में बार-बार लाइट गोल होने की शिकायत भी मिली जिस पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में गर्मी का मौसम होगा ऐसे में पीने के पानी की सही व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। यह भी कहा गया है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत खर्च होने वाले पैसे का दुरुपयोग ना हो। लगभग 5 से 6 घंटों तक चली बैठक के बाद स्मार्ट सिटी को लेकर एक अलग बैठक करने का फैसला लिया गया।

सांसद सुनील सोनी ने बताया कि उद्यानिकी और वृक्षारोपण से जुड़े मामलों में कई खामियां नजर आईं। कुछ सेक्टर ऐसे हैं जिनमें केंद्र और राज्य सरकार ने भरपूर पैसा दिया लेकिन कार्य ठीक से ना हो पाने की वजह से वह पैसे खर्च ही नहीं हो पा रहे हैं। हमने इस बात पर जोर दिया है कि इन मामलों में सिर्फ कागजों पर ही पैसे का खर्च ना दिखाया जाए बल्कि धरातल पर भी काम दिखना चाहिए।जिले में तालाबों का सौदर्यीकरण करने और गांवों में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने कहा कि पंचायत में किए जाने वाले कार्यों की राशि हितग्राहियों के खाते में 25 दिनों के भीतर आबंटित करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही होने पर संबंधित के विरूद्व कार्रवाई की जाए।

 

#वृक्षारोपण

Source : Agency

पाठको की राय