4 नामों पर चर्चा तेज, लोकायुक्त के पास जाएगा DG के लिए पैनल
भोपाल
विशेष स्थापना पुलिस संगठन लोकायुक्त का मुखिया कौन होगा इस पर अंतिम फैसला अब लोकायुक्त की सहमति से किया जाएगा। राज्य शासन लोकायुक्त के पास चार नामों पर पैनल भेजने जा रहा है। इन चार नामों में से ही एक अफसर को डीजी लोकायुक्त बनाए जाने की संभावना है।
सूत्रों की मानी जाए तो लोकायुक्त के पास भेजे जाने वाले पैनल में स्पेशल डीजी रेल अरविंद कुमार, ईओडब्ल्यू के प्रभारी डीजी राजीव टंडन, एडीजी प्रशासन अन्वेष मंगलम और एडीजी एवं मैनेजिंग डायरेक्टर पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन अजय कुमार शर्मा के नाम शामिल होंगे। यह पैनल आज भेजा जाने वाला है। संभावना यही जताई जा रही है कि इस पैनल में से ही किसी एक अफसर को लोकायुक्त डीजी की कमान दी जाएगी। यदि राजीव टंडन के नाम पर लोकायुुक्त डीजी बनने की मुहर लगी तो ईओडब्ल्यू में अजय कुमार शर्मा को प्रभारी डीजी बनाया जा सकता है। यह भी माना जा रहा है कि ईओडब्ल्यू में इस वक्त कुछ महत्वपूर्ण जांच चल रही है। अजय कुमार शर्मा पूर्व में ईओडब्ल्यू में बतौर आईजी अपनी सेवाएं दे चुके हैं वहीं वे लोकायुक्त में भी डीजी के प्रभार में रह चुके हैं। उन्हें लोकायुक्त में काम करने का अनुभव है। ऐसे में उनके नाम पर गंभीरता से विचार हो सकता है। अजय शर्मा वर्ष 1989 के आईपीएस अफसर है, हालांकि वे अभी एडीजी है। यदि अन्वेष मंगलम को डीजी लोकायुक्त बनाया गया तो उनकी जगह पर अजय कुमार शर्मा को पदस्थ किया जा सकता है। अजय शर्मा पूर्व में इसी पद पर रह चुके हैं।

पाठको की राय