Tuesday, October 20th, 2026

35 हजार लोगों ने कोरोना काल में लोन लेकर चलाया काम

 गोरखपुर  
कोरोना काल खण्ड के सात महीनों में निम्न वर्ग से लेकर उच्च मध्यम वर्ग तक के लोगों पर क्या बीती?, उन्होने किस तरह काम चलाया है। अब यह खुलने लगा है। कारोबारी तो परेशान थे ही, नौकरी पेशा लोगों पर भी इस काल खण्ड ने प्रभाव डाला। उन्हें भी लोन लेकर कोरोना संकट से खुद को उबारना पड़ा। बैंको ने भी सरकार की पहल पर दरियादिली दिखाई और नौकरी पेशा लोगों में खुलकर पर्सनल लोन बांटे। आलम यह रहा कि गोरखपुर परिक्षेत्र के 35 हजार सरकारी व निजी सेक्टर के कर्मचारियों ने करीब 1455 करोड़ रुपये पर्सनल लोन लेकर संकट में काम चलाया। इतना ही नही बैंकों ने किसानों व उद्यमियों को करीब 350 करोड़ मुहैया कराकर उनके कारोबार को गति दी।
दरअसल लाकडाउन व कोरोना काल खण्ड के दौरान निम्न वर्ग से लेकर उच्च मध्यम वर्ग तक की आमदनी में कटौती हुई है। नौकरी पेशा लोगों के सामने कोरोना से अपने बचाव के साथ ही परिवार को बीमारी से महफूज रखने की चुनौती खड़ी हो गई। ऐसे समय में केन्द्र सरकार की पहल पर बैंकों ने नौकरी पेशा लोगों के साथ ही उद्यमियों व किसानों की मदद को हाथ बढ़ाया। भारतीय स्टेट बैंक ने नौकरी पेशा लोगों के लिए कोविड-19 पीएपीएल योजना लांच की। इसमें सरकारी व निजी सेक्टर के उन कर्मचारियों को आफर दिया गया जिनकी सेलरी एसबीआई बैंक के खाते में क्रेडिट होती थी।

ऐसे कर्मचारियों को बैंक ने दो लाख से लेकर 20 लाख तक पर्सनल लोन देने का आफर दिया। बैंक के इस आफर का गोरखपुर परिक्षेत्र के करीब 29 हजार नौकरी पेशा लोगों ने लाभ उठाकर 1379 करोड़ का लोन लिया। इसके लिए लोगों को महज एक बार शाखा पर जाना पड़ा। इसके साथ ही एसबीआई योनो एप ने भी पर्सनल लोन के आफर दिए। इसके माध्यम से करीब 3800 नौकरी पेशा लोगों ने करीब 88 करोड़ का लोन लिया।

पंजाब नेशनल बैंक ने भी नौकरी पेशा व पेंशनरों के लिए पर्सनल लोन का आफर दिया। इसका भी करीब 980 पेंशनरों व नौकरी पेशा लोगों ने लाभ उठाकर 9.25 करोड़ पर्सनल लोन लेकर अपने जरुरी काम निपटाए। इसी प्रकार अन्य बैंकों ने भी 1220 लोगों को 11.20 करोड़ का पर्सनल लोन दिया है। इस तरह कोरोना काल में एसवीआई ने सर्वाधिक नौकरी पेशा लोगों को लोन दिए। सेण्ट्रल बैंक ने भी दो हजार किसानों को 28 करोड़ का लोन दिया। इसके साथ ही 1500 छोटे उद्यमियों को भी स्वीकृत लोन का 20 फीसदी अतिरिक्त 12.50 करोड़ का लोन देकर उनके रोजगार को गति दी।

 

Source : Agency

पाठको की राय