Wednesday, October 21st, 2026

20 फीट लंबी और दो फीट चौड़ी सुरंग खोदी, करोड़ों की चांदी चुराई

जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर में अनोखी चोरी का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम जयपुर के वैशाली नगर में दिया गया है। यहां पर एक डॉक्टर के पड़ोस में स्थित भूखण्ड में सुरंग खोदकर फर्श में दबी करोड़ों की चांदी चुराई गई है। जानकारी के अनुसार वैशाली नगर में हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. सुनीत सोनी का मकान है। डॉ. सोनी के मकान के पीछे एक भूखंड 20 साल से खाली पड़ा था, जो मुम्बई निवासी उगंती देवी के नाम से था।
 
डेढ़ माह पहले जयपुर के श्याम नगर निवासी शिखर अग्रवाल ने जयपुर के आमेर कुंडा निवासी बनवारी लाल जांगिड़ को दिलवाया। शिखर अग्रवाल डॉ. सोनी का पुराना परिचित है। भूखंड खरीदने के बाद इसमें टीनशेड डालकर लोग रहने लगे थे। यहां तक तो सब कुछ ठीक था, मगर डॉ. सोनी ने किसी अनहोनी की आशंका में गुरुवार को अपने कमरे का फर्श तुड़वाकर देखा तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि उसने फर्श में तीन बॉक्स में चांदी और एंटिक आइटम भरकर छुपाए थे। चांदी गायब मिली। सबसे ज्यादा हैरानी की बात तो ये है कि चांदी हाल ही में पड़ोसी में खरीदे गए प्लॉट में सुरंग बनाकर चुराई गई है। प्लॉट से डॉ. सोनी के कमरे तक 15 फीट गहरी और 20 फीट लंबी और दो फीट चौड़ी सुरंग खोदी गई थी। प्लॉट खरीदने के बाद इसमें टीनशेड डालकर कई दिन से सुरंग खोदी जा रही थी।
 
जयपुर पुलिस के अनुसार डॉ. सोनी ने रिपोर्ट में लिखवाया है कि परिजनों से मिली चांदी और एंटिक सामान उसने सुरक्षा के लिहाज से लोहे के तीन बॉक्स में डालकर कमरे में फर्श में दबाए थे। एक बॉक्स कटा हुआ और दो बॉक्स खाली मिले हैं। पुलिस की मानें तो आधा फीट ऊंचे, तीन फीट चौड़े और तीन फीट लंबे बॉक्स में करीब 400 किलोग्राम चांदी रखी होने का अनुमान है। वास्तविकता पुलिस जांच में सामने आएगी।

 

Source : Agency

पाठको की राय