Saturday, October 24th, 2026

कोरोना के सामने आए 195 नये मामले, एक लाख तीन हजार लोगों लगा टीका

पटना
राज्य में कोरोना का टीका एक लाख तीन हजार लोगों को दिया गया. इधर पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 195 नये मामले पाये गये हैं. पिछले दिनों की तुलना में कोरोना के नये मामले में मामूली कमी हुई है तो राज्य में एक्टिव केस की संख्या में वृद्धि दर्ज की गयी है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1115 हो गयी है. कोरोना के नये मामलों में पटना में सर्वाधिक 80 केस पाये गये हैं.

राज्य में शनिवार को कुल एक लाख तीन हजार 699 लोगों को वैक्सीन का डोज दिया गया. इसके साथ ही राज्य में कुल 26 लाख 23 हजार 741 लोगों को टीका दिया जा चुका है. राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में शनिवार को कोरोना का पहला डोज कुल एक लाख 191 लोगों को दिया गया जिसमें 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 83 हजार 667 लोग जबकि 45-59 वर्ष के 13 हजार 716 लोग शामिल हैं. शनिवार को 3508 लोगों को वैक्सीन का दूसरा डोज दिया गया और अब तक राज्य में कुल चार लाख 26 हजार 956 लोगों ने वैक्सीन का दूसरा डोज ले लिया है.

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के कुल 195 नये मामले पाये गये हैं. इसमें पटना जिले में सर्वाधिक 80 नये केस पाये गये हैं. नये केस राज्य के 34 जिलों में मिले हैं. विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बेगूसराय में नौ, गया में नौ, नवादा व पश्चिम चंपारण में सात-सात, भोजपुर व सीवान में छह-छह, पूर्वी चंपारण, नालंदा में पांच-पांच, औरंगाबाद , मधुबनी व सारण जिले में चार-चार, अररिया, भागलपुर व गोपालगंज , किशनगंज , मधेपुरा, मुंगेर और सुपौल जिले में तीन-तीन नये केस मिले हैं. इसके साथ ही अरवल, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, वैशाली जिले में दो-दो नये केस मिले हैं. बक्सर, जमुई, कटिहार, खगड़िया, पूर्णिया में एक-एक नये कोरोना पॉजिटिव के केस पाये गये हैं.

एक सप्ताह में कोरोना पॉजिटिव के मामले

  • 21 मार्च- 126
  • 22 मार्च - 90
  • 23 मार्च - 111
  • 24 मार्च - 170
  • 25 मार्च - 258
  • 26 मार्च - 211
  • 27 मार्च - 195

एक सप्ताह में एक्टिव केस की संख्या

  • 21 मार्च - 522
  • 22 मार्च - 560
  • 23 मार्च - 623
  • 24 मार्च - 726
  • 25 मार्च - 924
  • 26 मार्च - 1000
  • 27 मार्च -1115

 

#कोरोना

Source : Agency

पाठको की राय