अमेरिका में बिना दस्तावेजों वाले भारतीय अप्रवासियों की खरीद क्षमता 15.5 अरब
नई दिल्ली
बिना दस्तावेजों के अमेरिका में रहने वाले भारतीय अप्रवासियों की संख्या पांच लाख से अधिक है। अमेरिका के एक शोध संस्थान की रिपोर्ट में कहा गया है कि इन भारतीय अप्रवासियों की सामूहिक खरीद क्षमता 15.5 अरब डॉलर है। साथ ही संघीय, राज्य और स्थानीय कर राजस्व में इनका योगदान 2.8 अरब डॉलर का है। अपने ताजा शोध में न्यू अमेरिकन इकनॉमी शोध संस्थान ने 2019 के अमेरिकी सामुदायिक सर्वे के आंकड़ों का इस्तेमाल किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बिना दस्तावेजों के रह रहे भारतीय अप्रवासी अमेरिका अर्थव्यवस्था में योगदान देने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं।
इसके अलावा अमेरिका में मेक्सिको के 42 लाख ऐसे आव्रजक हैं जिनके पास दस्तावेज नहीं है। अमेरिका में बिना दस्तावेजों वाले अप्रवासियों में मेक्सिको की हिस्सेदारी 40.8 प्रतिशत है। विभिन्न देशों के ऐसे कुल आव्रजकों की संख्या 1.03 करोड़ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 2019 में अकेले इन अप्रवासियों के परिवारों की आय 92 अरब डॉलर रही। इन्होंने संघीय, राज्य और स्थानीय करों में 9.8 अरब डॉलर का योगदान दिया। मेक्सिको के ऐसे अप्रवासियों की खरीद क्षमता 82.2 अरब डॉलर है।
मेक्सिको के बाद बिना दस्तावेजों के अप्रवासियों की संख्या के मामले में अल सल्वाडोर का स्थान है। अल सल्वाडोर के आव्रजकों की संख्या 6,21,000 है। भारत के आव्रजकों की संख्या 5,87,000 या 5.7 प्रतिशत है। भारत के बाद ग्वाटेमाला और होंडुरास के अप्रवासियों का नंबर आता है।

पाठको की राय