Tuesday, October 20th, 2026

1 फरवरी से मुंबई लोकल ट्रेन में कर सकेंगे सफर, नियमों का करना होगा पालन

नई दिल्ली 
मुंबई लोकल में आम जनता को दिन की शुरुआत से सुबह 7 बजे तक, फिर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक और रात 9 बजे से सेवा समाप्त होने तक यात्रा करने की छूट दी गई है. रेल मंत्री पीयूष गोयल ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.  मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में आम लोगों को सफर की अनुमति दे दी गई है. मुंबई की लोकल ट्रेनों  को 01 फरवरी 2021 से आम लोगों के लिए बहाल कर दिया जाएगा. हालांकि, मुंबई लोकल में यात्रा के लिए यात्रियों को रेलवे द्वारा जारी टाइमिंग के नियमों का पालन करना होगा. 
 
 रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के निर्देशों के मुताबिक, सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक सिर्फ आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को ही लोकल ट्रेन में यात्रा की अनुमति होगी. इसलिए इस दौरान लोकल ट्रेनों में आम आदमी को सफर करने की इजाजत नहीं होगी.

 यात्रियों को लोकल में सफर करते समय रेलवे व राज्य सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस को मानना होगा. सफर के दौरान यात्रियों के लिए कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य कोविड-19 नियमों (SOP) का पालन करना अनिवार्य है. रेल मंत्री ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान कोरोना वायरस रोकथाम संबंधी सभी नियमों का पालन करें. किसी भी प्रकार की लापरवाही हमारे और अन्य लोगों के लिए परेशानी बन सकती है.

 

#मुंबई लोकल ट्रेन

Source : Agency

पाठको की राय