Wednesday, October 21st, 2026

'मिथुन दा' एक दिन में करेंगे 4 रोड शो, आज BJP के लिए पहली बार प्रचार करेंगे 

 
कोलकाता

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का चुनाव 27 मार्च को होने वाला है। आज शाम 5 बजे पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार थम जाएगा इसलिए आज बंगाल में नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियां और रोड शो हैं। आज भाजपा में शामिल हुए बॉलीवुड सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती भी पहली बार चुनाव प्रचार करेंगे। अभिनेता से नेता बने मिथुन आज राज्य में चार रोड शो करने वाले हैं। गौरतलब है कि 7 मार्च को मिथुन चक्रवर्ती बीजेपी में शामिल हुए थे।

पहला रोड शो: बांकुरा के छठना विधानसभा में बंगलार मठ से हेलीपैड तक सुबह 9.05 बजे से।
दूसरा रोड शो: बांकुरा के सलतोरा विधानसभा में असुरिया से लेकर हैलीपैड तक सुबह 10.30 बजे।
तीसरा रोड शो: झारग्राम जिले के झारग्राम विधानसभा में शारदा विद्यापीठ से लेकर पेट्रोल पंप तक दोपहर 2.15 बजे।
चौथा रोड शो: बांकुरा के रायपुर विधानसभा में गोविंदपुर पंप से लेकर बैंक मोड तक शाम 4.10 बजे।

फिलहाल मिथुन चक्रवर्ती चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, वो स्टार प्रचारक के रूप में ही बीजेपी में नजर आने वाले हैं। मालूम हो कि भाजपा ज्वाइन करते ही मिथुन चक्रवर्ती ने अपने फिल्मी अंदाज में बोला था कि मैं कम नुकसान पहुंचाने वाला पानी या रेत वाला सांप नहीं हूं, मैं कोबरा हूं। एक बार काटा तो आप तस्वीर में ही नजर आएंगे।

चुनाव परिणाम 2 मई को आएगा

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में चुनाव हो रहा है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए 27 मार्च को, दूसरे चरण में 1 अप्रैल, तीसरे चरण में 6 अप्रैल, चौथे में 10 अप्रैल, पांचवे में 17 अप्रैल, छठें में 22 अप्रैल, सातवें में 26 अप्रैल और आठवें यानी आखिरी चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा।चुनाव परिणाम 2 मई को आएगा।

 

#'मिथुन दा'

Source : Agency

पाठको की राय