Tuesday, October 20th, 2026

पलक्कड़ से चुनावी मैदान में उतरेंगे 'मेट्रो मैन' ई.श्रीधरन

करेल
केरल में विधानसभा चुनाव नजदीक है, ऐसे में तमाम राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने दलों की प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर रही हैं। इस बीच भाजपा ने भी उम्मीदवारों की सूची जारी की है। केरल विधानसभा चुनाव में बीजेपी 115 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बाकी 25 सीटों से अन्य चार पार्टियों के प्रत्याशी चुनावी मैदान में होंगे। इन प्रत्याशियों के नाम के ऐलान के साथ ही यह भी स्पष्ट हो गया है कि 'मेट्रो मैन' डॉ. ई. श्रीधरन पलक्कड़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, केरल के पूर्व राज्य भाजपा प्रमुख कुम्मनम राजशेखरन नेमोम सीट से चुनावी मैदान में होंगे। बता दें कि कोलकाता से लेकर दिल्ली मेट्रो के कर्णधार और मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई. श्रीधरन ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है।

इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने रविवार को सीटों के बारे में बताते हुए कहा कि राज्य बीजेपी अध्यक्ष के सुरेंद्रन दो सीटों से मैदान में उतरेंगे। इन दो सीटों में एक कासरगोड की मंजेश्वर और दूसरी पठानमथिट्टा की कोन्नी सीट शामिल है। आपको बता दें कि केरल में राज्य की सभी 140 विधानसभा सभा सीटों पर एक चरण में 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, इस चुनाव की मतगणना 2 मई को होनी है।

कौन हैं मेट्रो मैन ई श्रीधरन
दरअसल, मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई. श्रीधरन को कोलकाता मेट्रो से लेकर दिल्ली मेट्रो तक में अहम योगदान के लिए जाना जाता है। मेट्रो जैसे क्रांतिकारी परिवहन माध्यम में उनके इन्हीं योगदानों की वजह से साल 2001 में उन्हें पद्म श्री और 2008 में पद्म विभूषण अवार्ड से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं विकास कार्यों में इनके योगदान को देखते हुए फ्रांस सरकार ने भी साल 2005 में इन्हें 'Chavalier de la Legion d’honneur' अवार्ड से भी सम्मानित किया था।

 

#मेट्रो मैन' ई.श्रीधरन

Source : Agency

पाठको की राय