Wednesday, October 21st, 2026

'गाय की तस्करी से पैसे कमाता था ममता बनर्जी का परिवार, मेरे पास सबूत': कैलाश विजयवर्गीय 

कोलकाता
सीबीआई ने कोयला तस्करी के मामले में टीएमसी सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी को नोटिस जारी किया है। रविवार दोपहर अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची सीबीआई टीम ने अभिषेक की पत्नी रुजिरा नरूला को यह नोटिस दिया। बताया जा रहा है कि जल्द ही उनसे इस मामले में पूछताछ हो सकती है। दूसरी तरफ बीजेपी ने कहा है कि कोयला तस्करी तो सिर्फ एक बानगी है, मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) का परिवार गाय की तस्करी में भी शामिल रहा है और उससे खूब पैसे कमाए हैं। अभिषेक बनर्जी से जुड़े आरोपों पर एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'ट्रक के ट्रक रोज कोयला निकाला जाता था, जो बाहर भी जाता था। ये तो सिर्फ कोयला तस्करी की बात है, मेरे पास तो गाय की तस्करी के पैसे का कैसे लेनदेन हुआ है इसके भी सबूत हैं। आने वाले समय में वो भी पता लगेगा कि किस तरह मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) के परिवार के लोग गाय की तस्करी से पैसे कमाते थे।'

विजयवर्गीय बोले, नोटिस का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं
नोटिस की टाइमिंग को लेकर किए गए सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा, 'सीबीआई की जांच का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। सीबाआई को जब तथ्य मिलेंगे तब वो समन देंगे। अभिषेक के ससुराल के लोग इसमें (कोयला तस्करी) शामिल हैं। कई आईएएस, आईपीएस भी इसमें शामिल हैं। मेरे पास सारे कागजात हैं।'

अभिषेक बोले, इन तरीकों से हमें झुका नहीं सकते
सीबीआई के नोटिस पर अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, 'आज दोपहर 2 बजे सीबीआई ने मेरी पत्नी के नाम एक नोटिस भेजा है। मुझे देश के कानून पर पूरा भरोसा है। हालांकि अगर उन्हें लगता है कि वह ऐसे तरीकों से हमें डरा सकते हैं, तो वे गलतफहमी में हैं। हम कभी भी झुकने वालों में से नहीं हैं।'

अभिषेक बनर्जी ने गृह मंत्री पर किया है मानहानि केस
दिलचस्प है कि सीबीआई का यह समन ऐसे समय आया है जब अभिषेक बनर्जी ने हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ मानहानि केस किया था। अभिषेक की अपील पर अमित शाह को समन जारी किया गया है और स्पेशल एमपी/एमएलए कोर्ट ने उन्हें 22 फरवरी को व्यक्तिगत तौर पर या वकील के जरिए पेश होने को कहा है। अभिषेक बनर्जी के वकील संजय बसु ने यह दावा किया था कि अमित शाह ने कोलकाता में बीजेपी की एक रैली के दौरान टीएमसी सांसद के खिलाफ अपमानजनक बयान दिए थे।

 

#कैलाश विजयवर्गीय 

Source : Agency

पाठको की राय