Monday, October 19th, 2026

पलामू में ₹77 लाख की ठगी, खाद डीलरशिप और पॉलीहाउस के नाम पर 18 लोग बने शिकार

मेदिनीनगर (पलामू)
खाद कंपनी की डीलरशिप दिलाने, पॉलीहाउस निर्माण कराने और पौधारोपण में सहयोग के नाम पर झारखंड और बिहार के 18 लोगों से करीब 76.97 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मेदिनीनगर के बेरिया इलाके से संचालित कंपनी के संचालक कार्यालय बंद कर फरार हो गए हैं।

ठगी के शिकार लोगों में पलामू के हुसैनाबाद, हैदरनगर और पड़वा के अलावा बिहार के औरंगाबाद क्षेत्र के लोग शामिल हैं। पीड़ितों की शिकायत पर मेदिनीनगर टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

अलग-अलग काम का झांसा देकर वसूली रकम
जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बेरिया इलाके में रासायनिक और जैविक खाद के कारोबार के नाम पर कंपनी का संचालन किया जा रहा था।

कंपनी के प्रतिनिधियों ने पलामू और बिहार के औरंगाबाद क्षेत्र के लोगों से संपर्क कर उन्हें खाद की डीलरशिप दिलाने, पॉलीहाउस का निर्माण कराने और पौधारोपण में सहयोग करने का भरोसा दिया था। इन प्रस्तावों के आधार पर लोगों से मोटी रकम ली गई।

बैंक में बाउंस हो गए चेक
पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी की ओर से कुछ लोगों को भुगतान के लिए चेक भी दिए गए, लेकिन बैंक में जमा करने पर चेक बाउंस हो गए। इसके बाद लोगों को ठगी का संदेह हुआ। जब तक वे मामले को समझ पाते, कंपनी का कार्यालय बंद हो चुका था और संबंधित लोग फरार हो गए थे। अब पीड़ित अपनी रकम वापस पाने के लिए पुलिस से गुहार लगा रहे हैं।

पुलिस कर रही मामले की जांच
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पीड़ितों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अलग-अलग लोगों से अलग-अलग रकम लिए जाने की बात सामने आई है। हैदरनगर निवासी इकबाल सिद्दीकी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

 

#fertilizer fraud

Source : Agency

आपकी राय

10 + 6 =

पाठको की राय