Monday, October 19th, 2026

हबीबगंज स्टेशन का नाम अटल जक्शन करने की मांग, रेल मंत्री को लिखी चिट्ठी 

भोपाल
पूर्व सांसद और बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रभात झा ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोल को एक चिट्ठी लिखी है। साथ ही उन्होंने हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने का सुझाव दिया है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में बताया कि हबीबगंज नाम का कोई इतिहास नहीं रहा है।


प्रभात झा ने अपने पत्र में लिखा है कि मैंने 16 सितंबर 2019 को भोपाल में हुई बैठक में हबीबगंज स्टेशन का नाम बदल कर पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया था। बैठक में उपस्थित सभी सांसदों ने उस वक्त इसका पुरजोर समर्थन किया था। उन्होंने कहा है कि अटल जी का जन्म ग्वालियर में हुआ, शिक्षा-दीक्षा ग्वालियर में हुई। वह ग्वालियर और विदिशा से सांसद चुने गए और बाद में प्रधानमंत्री बने। ऐसे में हबीबगंज नाम का कोई औचित्य नहीं है।

उन्होंने कहा है कि इस स्टेशन का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर कर दिया जाए, इससे भारत ही नहीं, पूरे विश्व में इस स्टेशन की पहचान बनेगी। इसके साथ ही उन्होंने झांसी रेलवे स्टेशन के नाम भी बदलने की मांग की है। इसके साथ ही एमपी में दूसरे बीजेपी नेताओं ने होशंगाबाद जिले का भी नाम बदलने की मांग की है।

गौरतलब है कि एमपी से पहले यूपी में कई स्टेशनों के नाम बदले गए हैं। मुगलसराय से लेकर इलाहाबाद तक में रेलवे स्टेशन के नाम बदले गए हैं। अब देखना हो कि रेल मंत्रालय हबीबगंज को लेकर क्या फैसला लेती है। हबीबगंज रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने की तैयारी चल रही है। जल्द ही उसके अधूरे काम पूरे कर लिए जाएंगे।

 

#हबीबगंज स्टेशन

Source : Agency

पाठको की राय