स्कूल खोलने को लेकर अभी भी असमंजस, खुलेंगे तो सिर्फ बोर्ड के क्लास
रायपुर
कोरोनाकाल के चलते स्कूलों में पिछले दस माह से ताले लगे हुए हैं। हालांकि कोरोना नियंत्रित होने लगा है लेकिन स्कूलों को खोलें या न खोलें इस पर राज्य सरकार असमंजस की स्थिति में हैं इसलिए कि सवाल बच्चों के सुरक्षा का है। जिन राज्यों में स्कूल खुले हैं या कुछ कक्षाएं चालू हुए हैं रिपोर्ट ली जा रही है। सब कुछ सामान्य रहा तो दसवीं व बारहवीं बोर्ड के बच्चों के लिए कक्षा शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है। शेष कक्षाओं का तो संभव नहीं दिख रहा है। फिर भी अंतिम स्वीकृती पालकों से ली जायेगी।
दसवीं-बारहवीं सीजी बोर्ड के लिए प्रैक्टिकल व प्रोजेक्ट वर्क की अनिवार्यता है। इसलिए विचार किया जा रहा है कि अगले महीने यानी फरवरी से छात्रों को स्कूल आने की अनुमति दे दी जाए। दूसरे राज्य में जहां स्कूल खुले हैं उनकी जानकारी ली जा रही है। इसके अनुसार समीक्षा की जाएगी। स्कूल खोलने को लेकर कैबिनेट ने आगामी आदेश तक रोक लगायी है। आॅनलाइन कक्षाओं के माध्यम स्कूलों में पढ़ाई हो रही है।
जैसे की मालूम हो सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा मई के पहले सप्ताह से होगी। इसकी सूचना जारी की जा चुकी है। इसके आस-पास ही सीजी बोर्ड परीक्षा भी होगी। सीजी बोर्ड के लिए प्रैक्टिकल व प्रोजेक्ट वर्क की परीक्षा फरवरी में होने की संभावना है। इसलिए हाई व हायर सेकेंडरी के छात्रों के लिए स्कूल खुल सकते हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम का कहना है कि कुछ राज्यों ने स्कूल खोल दिए हैं। वहां बच्चे किस तरह आ रहे हैं, सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं और क्या जरूरत है, इसका अध्ययन शुरू किया है। इस अध्ययन के अलावा और भी कई मुद्दों पर विचार करेंगे। इसलिए यह नहीं बता सकते कि प्रदेश में स्कूल कब खुलेंगे।

पाठको की राय