सुबह कोहरा, दिन में बढ़ने लगा पारा, बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इस वक्त देश के हर हिस्सों में मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जिसका सबसे ज्यादा असर दिल्ली में देखने को मिल रहा है। जहां सुबह घना कोहरा और हल्की ठंड होती है लेकिन दिन में पारा बढ़ने लगा है। दिल्ली में दिन में पारा 30 के आसपास जाने लगा है। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदा-बांदी से मौसम खुशनुमा है। वहीं मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भी IMD ने बर्फबारी की संभावना जताई है।
दिल्ली में आज शनिवार (20 फरवरी) की सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हालांकि पिछले दो दिन दिन में पारा ज्यादा था। आज सुबह दिल्ली में तापमान मौसम विभाग के मुताबिक 13 डिग्री सेल्सियस था।
वहीं पंजाब के अमृतसर में भी आज सुबह घना कोहरा छाए रहने की वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक अमृतसर में आज सुबह तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस है।

पाठको की राय