Wednesday, October 21st, 2026

सीधी हादसा: सीएम ने दिए निर्देश, घाट-दुर्गम मार्गों का सर्वे कर बनाएं वैकल्पिक रोड

भोपाल
सीधी से भोपाल लौटने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों से कहा कि पूरे प्रदेश में बसों की फिटनेस और ओवरलोडिंग को लेकर अभियान चलाया जाए। प्रदेश में घाटों, दुर्गम मार्गों व खराब सड़कों का सर्वे करें और कार्यवाही की जाए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में भी ऐसे इंतजाम हों कि दुर्घटना न हो। सीएम चौहान द्वारा बुलाई गई बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जौहरी, एसीएस जल संसाधन एसएन मिश्रा, पीएम लोक निर्माण नीरज मंडलोई मौजूद रहे। इस दौरान सीएम चौहान ने सीधी घटना में दोषियों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि छुहिया घाटी में सड़क की मरम्मत तथा क्रेन की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से की जाए।

आज रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के एमडी और बाकी इंजीनियर छुहिया घाटी रोड देखकर तय करेंगे कि तात्कालिक रूप से इसे कैसे ठीक करना है। सड़क की मरम्मत के दौरान कोई और वैकल्पिक रास्ता खोलना पड़ेगा। साथ ही रोड के खतरनाक मोड़ को समाप्त करने के लिए योजना बनेगी। ट्रैफिक का दबाव घटाने के लिए वैकल्पिक मार्ग रीवा-गड्डी-रामपुर नैकिन रोड तथा जिगना भरतपुर रोड का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाएगा।

सीधी हादसे में चार लोग अब भी नहीं मिले हैं। हालांकि इनके जीवित होने की उम्मीद खत्म हो चुकी है। इनकी खोजबीन के लिये मुख्यमंत्री के निर्देश पर सेना की टीम बुलाई गई है। सात सदस्यीय टीम इलाहबाद से सीधी आ पहुंची है। यह टीम नौ किलोमीटर लंबे टनल के अंदर इनकी खोजबीन करने की रणनीति तय करेगी।

संभावना जताई जा रही है कि नहर के पानी को निकालने के लिए बनाई गई नौ किलोमीटर लंबी टनल में कहीं ये फंसे हुए हैं। इलाहबाद से सेना के एक अधिकारी और छह सैनिक आज सीधी पहुंच गए। टनल के अंदर आक्सीजन सिलेण्डर और अन्य संयंत्र साथ लेकर खोजबीन की जाएगी। टीम यह तय करेगी कि नौ किलोमीटर लंबी टनल में खोजबीन संभव है या नहीं।  यदि अंदर खोजबीन संभव नहीं हुई तो टनल से पानी छोड़ा जाएगा।

इधर, सीधी बस हादसे के तीसरे दिन परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत भी बुधवार को एक्शन मोड में नजर आए। मंत्री ने होशंगाबाद रोड पर 11 मील के आगे सुबह-सुबह पहुंचकर बसों का निरीक्षण और जांच की तथा कई बसों पर जुर्माना लगाया। जबकि 6 बसें जब्त की गई हैं। परिवहन मंत्री गोविंद राजपुत आज सुबह साढ़े नौ बजे ही होशंगाबाद रोड के पास 11 मील पर जा पहुंचे। मंत्री के साथ परिवहन विभाग के अधिकारी और जिला प्रशासन, पुलिस का अमला भी मौजूद था। निरीक्षण में सामने आया कि कई कंडम हो चुकी बसें भी हाईवे पर दौड़ रही थी।

 

#सीधी हादसा#सीएम#घाट-दुर्गम

Source : Agency

पाठको की राय