सीएम केजरीवाल का ऐलान, जल्द शुरू होगी नर्सरी एडमिशन की प्रक्रिया
नई दिल्ली
कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप फिलहाल हम हुआ है, हालांकि अभी भी नए मामलों की संख्या देशभर से सामने आ रही है। कोविड-19 संक्रमण की रफ्तार कम होने और वैक्सीन आने के बाद से दिल्ली समेत कई राज्यों में स्कूल-कॉलेज खोल दिए गए हैं। मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नर्सरी कक्षाओं में एडमिशन की प्रक्रिया को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जल्द ही नर्सरी एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
इस दिशा में मंगलवार को सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में कई प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल और प्रबंधन के साथ एक बैठक की। मीटिंग में नर्सरी कक्षाओं में एडमिशन शुरू करने को लेकर चर्चा शुरू हुई साथ ही कक्षाओं की शुरूआत करने पर भी मंथन किया गया। बता दें कि कोरोना काल में 9 से 12वीं तक के छात्रों के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं, ऐसे में नर्सरी एडमिशन शुरू करने की मांग ने भी जोर पकड़ लिया है। इसे देखते हुए दिल्ली सरकार जल्द ही Nursery Admission की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस महामारी के चलते इस वर्ष दिल्ली में नर्सरी प्रवेश की प्रक्रिया में देरी हुई है। इससे पहले की रिपोर्टों में कहा गया था कि सरकार इस सत्र के लिए नर्सरी दाखिले को खत्म करने पर विचार कर रही है। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने पहले कहा था कि नर्सरी दाखिले को रद्द करने के एक प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है, वैक्सीन आने तक स्कूलों को बंद रखने पर भी चर्चा की जा रही है। लेकिन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने ऐसी खबरों को खारिज कर दिया था। सिसोदिया ने कहा था कि फिलहाल, नर्सरी दाखिले को रद्द करने की कोई योजना नहीं है। हमें इस साल अधिसूचना जारी करने में देर हो गई है लेकिन एडमिशन होगा।

पाठको की राय