Tuesday, October 20th, 2026

सफाईकर्मी तुलसा तांडी को सबसे पहला टीका लगा, बोलीं मेरा सौभाग्य कि मुझे चुना

रायपुर
शनिवार की सुबह कोरोना का टीकाकरण की शुरूआत अंबेडकर अस्पताल से वेक्सीनेशन सेंटर से हुई। इस अस्पताल में बतौर सफाईकर्मी अपनी सेवाएं देने वालीं 51 साल की तुलसा तांडी को सबसे पहले टीकाकरण के लिए चुना गया। तुलसा तांडी सुबह करीब 9 बजकर 30 मिनट पर केंद्र में पहुंची। टीकाकरण अधिकारी ने उनका स्वागत किया। पंजीयन डेस्क पर पहले से तैयार पर्ची उन्हें दी गई। वो कुछ देर वेटिंग रूम में बैठीं। इस बीच सीएमएचओ डा. मीरा बघेल समेत वरिष्ठ अफसरों ने तुलसा से बात-चीत की। सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सभी सेंटर्स के लोगों को संबोधित किया। करीब 11 बजकर 7 मिनट पर कोरोना का टीका तुलसा को लगाया गया।

तुलसा तांडी को अब निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि मुझे सबसे पहले टीके के लिए चुना गया यह मेरा सौभाग्य है। मेरे परिवार के लोग भी काफी खुश हैं। हमारे देश के प्रधानमंत्री स्वास्थ्य मंत्री की मेहनत की वजह से कोविड की दवा मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने पहले दिन टीकाकरण के लिए जिन लोगों को बुलाया है, उनमें आम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनीत जैन का नाम पहले और तुलसा तांडी का नाम 56वें नंबर पर था। मगर सफाई कर्मियों को पहले टीका लगाए जाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षा के बाद उनका सबसे पहले टीका तुलसा को लगाया गया।

सीएम बोले- सब्बो झन रोग मुक्त राहय--
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ट्विटर के जरिए टीकाकरण को लेकर अपनी बात जनता के बीच रखी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा-सब्बो झन सुखी होवय, सब्बो झन रोग मुक्त राहय, सब्बो झन मंगल के साक्षी बनए अऊ कोनो ला दुख के भागी झन बनना परए। टीकाकरण के सुरुआत इही मंगल कामना संग।

टीकाकरण अभियान शुरू होने से पहले दिल्ली से भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े और उन्होंने विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान जो भारत में भी शुरू किया गया है, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कोविड टीकाकरण प्रारंभ होने पर हर प्रदेशवासियों सहित मेडिकल वर्कर्स को शुभकामनाएं दी है। आज शुरू हुए टीकाकरण में मेडिकल कॉलेज रायपुर में करीब एक सौ मेडिकल वर्कर्स को टीकाकरण लगाया जा रहा है। टीकाकरण अभियान के दौरान आज इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज रायपुर में कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन, एनयूएचएम की एमडी डॉ. प्रियंका शुक्ला, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. विष्णु दत्ता, अधीक्षक डॉ. विनीत जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल, राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमर सिंह ठाकुर, जिला में टीकाकरण की नोडल अधिकारी सुश्री शिम्मी नाहिद सहित अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

गौरतलब है कि रायपुर जिले के पांच केन्द्रों में आज टीकाकरण का शुभारंभ किया गया है, जिसमें एम्स, पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल पंडऱी, एनएचएमएमआई हॉस्पिटल एवं मिशन हॉस्पिटल तिल्दा शामिल है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पदाधिकारी रायपुर श्रीमती डॉ. मीरा बघेल ने बताया कि उपरोक्त प्रत्येक टीकाकरण केन्द्रों में 100-100 हितग्राहियों को टीकाकृत किये जाने का लक्ष्य रखा गया है ,जिनका नाम पूर्व से कोविन पोर्टल में दर्ज है। उक्त टीकाकरण कार्य के लिये प्रत्येक टीकाकरण केन्द्रों में दो-दो वैक्सीनेटर, दो-दो निगरानीकर्ता, दो-दो रिकार्ड जॉच कर्मी, सुरक्षा कर्मी, मोबलाईजर एवं प्रत्येक टीकाकरण केन्द्रों के लिये नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गई है।

कोविड-19 वैक्सीन हितग्राही को लगने के बाद उनको 30 मिनट तक आब्जरवेशन (निगरानी) कक्ष में बैठाया जावेगा, इस दौरान किसी भी प्रकार की एडवर्स ईवेन्ट होने की स्थिति में तत्काल प्राथमिक ईलाज प्रारंभ करते हुये ऐसे मरीजों को जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में रिफर करने की व्यवस्था की गई है, इसके लिए 108 एम्बुलेन्स को एलर्ट पर रखा गया है। निगरानी कक्ष में चिकित्सक, आरएमए एवं प्रशिक्षित नर्सिग स्टॉफ की ड्यूटी लगायी गई है।

 

Source : Agency

पाठको की राय