Wednesday, October 21st, 2026

संयुक्‍त विपक्ष 9 फरवरी को द‍िखाएगा अपनी ताकत, इमरान सरकार के खिलाफ पीडीएम की होगी महारैली

हैदराबाद
सिंध के मुख्‍यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने शनिवार को कहा है कि 9 फरवरी को पाकिस्‍तान के हैदराबाद में पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) की ऐतिहासिक रैली होगी। उन्‍होंने कहा कि इस रैली में देशभर के लोग एकत्र होंगे। पाकिस्‍तान में इमरान खान सरकार के खिलाफ इस रैली का आयोजन किया गया है। इस रैली को पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) वीपी मरयम नवाज, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के कार्यकारी बिलावल भुट्टो-जरदारी और पीडीएम बॉस मौलाना फजलाना रहमान सहित प्रमुख लोग संबोधित करेंगे। बता दें पाकिस्‍तान में संयुक्‍त विपक्ष पीडीएम इस रैली का आयोजन कर रहा है।

प्रधानमंत्री इमरान खान से  इस्‍तीफा की मांग
बता दें कि पीडीएम लगातार प्रधानमंत्री इमरान खान से भ्रष्‍टाचार के आरोपों के लिए इस्‍तीफा देने की मांग कर रहा है। इसके लिए पीडीएम ने इमरान को 31 जनवरी तक की मौहलत भी दी थी। पीडीएम का कहना है कि इमरान खान की सरकार देश में जिया उल हक और जनरल परवेज मुशर्रफ की सरकार की ही तरह शासन कर रही है। पीडीएम प्रमुख फजलुर रहमान ने कहा कि जैसे इन लोगों के शासन के दौरान देश में लोकतंत्र जैसी कोई चीज नहीं बची थी, ठीक वैसे ही आज भी देश के हालात हैं। इमरान सरकार देश के संविधान के खिलाफ काम कर रही है और देश में मार्शल लॉ लगाना चा‍हती है। ये समय मुशर्रफ और जिया उल हक से भी ज्‍यादा खतरनाक है।

ऐसे हुई पीडीएम की स्‍थापना
बता दें कि गत वर्ष 20 सितंबर को पाकिस्‍तान में प्रमुख विपक्षी दलों की इस्‍लामाबाद में हुई बैठक में प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ एक बड़े विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की थी। विपक्षी गठबंधन ने इमरान खान से इस्‍तीफे की मांग की थी। इस बैठक में इमरान सरकार के खिलाफ देशव्‍यापी आंदोलन चलाने की घोषणा की गई थी। विपक्ष के इस गठबंधन का नाम पाकिस्‍तान डेमोक्रेटिक मुवमेंट का नाम दिया गया। विपक्षी गठबंधन दरअसल, पाकिस्‍तान की राजनीति में सेना के दखल का विरोध कर रही है। विपक्ष जवाबदेही का एक नया कानून बनाने की मांग कर रही है। इस बैठक के बाद पाकिस्‍तान पीपुल्‍स पार्टी के नेता बिलावल भुट्टो जरदारी ने ट्वीट कर कहा था कि पीडीएम लोकतांत्रिक पाकिस्‍तान की दिशा में अहम कदम है। बिलावल ने इस गठबंधन का जोरदार स्‍वागत किया था।
 

 

#संयुक्‍त विपक्ष

Source : Agency

पाठको की राय