शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता का हस्तांतरण होना जरूरी: PM मोदी
नई दिल्ली
अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनावी नतीजों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने कैपिटल बिल्डिंग में जमकर हंगामा किया है। जिसमें एक महिला की मौत होने और कई लोगों के घायल होने की खबर है। इस पूरे मामले पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (7 जनवरी) की सुबह ट्वीट किया, ''वाशिंगटन डीसी में दंगे और हिंसा की खबरों को देखकर दुखी हूं। व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता का हस्तांतरण होना बहुत जरूरी है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को गैरकानूनी विरोध के माध्यम से विकृत नहीं की अनुमति नहीं दी जा सकती है।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दुनिया के कई बड़े नेताओं ने हिंसा की निंदा की है।
ये हंगामा उस वक्त हुआ,जब नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडने की जीत को प्रमाणित करने के लिए सांसद संसद (कैपिटल) के संयुक्त सत्र के लिए कैपिटोल के भीतर थे। उसी वक्त कैपिटल बिल्डिंग के बाहर ट्रंप समर्थकों ने हंगामा किया। यहां पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई। जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान गोली भी चली, जिसमें एक महिला की मौत हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल अभी वाशिंगटन में हिंसा थम गई है। एहतियात के लिए 12 घंटे के लिए कर्फ्यू भी लगा दिया गया है।
असल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संसद का संयुक्त सत्र शुरू होने से ठीक पहले पहले सोशल मीडिया हैंडल पर कहा कि वो चुनाव में हुई अपनी हार को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में धांधली हुई है और यह धांधली उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन के लिए की गई है।
डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में अपने हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा- जब धांधली हुई हो तब आपको अपनी हार स्वीकार नहीं करनी चाहिए। ट्रंप ने तकरीबन एक घंटा लंबा भाषण दिया और दावा किया कि चुनाव में उनकी शानदार जीत हुई है। ट्रंप के इस भाषण के बाद ही कैपिटल बिल्डिंग के बाहर ट्रंप समर्थकों ने हंगामा किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक वीडियो, जिसमें वो अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे, उसे फेसबुक, ट्विटर और YouTube ने हटा दिया है। वहीं इंस्टाग्राम ने कहा है कि हम 12 घंटे के लिए ट्रंप के अकाउंट पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं ट्विटर ने ट्रंप के अकाउंट को 12 घंटे के लिए लॉक कर दिया है।

पाठको की राय