शराब का पैसा अभी कोरोना में नहीं हुआ हैं खर्च - लखमा
रायपुर
विधानसभा में विपक्षी सदस्य अजय चंद्राकर द्वारा पूछेगए सवाल के जवाब में वाणिज्यिक कर एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने बताया कि देशी और विदेशी मदिरा दुकानों से प्राप्त राशि का कोरोना में खर्च नहीं किया गया है क्योंकि वित्त विभाग द्वारा स्वीकृति नहीं मिली है।सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत गठित मुख्यमंत्री अधोसंरचना उन्नयन एवं विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत कर व्यय किया जाना है जिसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग को द्वितीय अनुपूरक में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
प्रश्नोत्तरकाल के दौरान अजय चंद्राकर ने सवाल किया कि 3 मई तथा 5 मई 2020 को छत्तीसगढ़ राजपत्र वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग द्वारा देशी व विदेशी मदिरा (स्प्रिट / माल्ट) के फुटकर विक्रय दर पर 10 रुपये और 10 प्रतिशत की दर से विशेष कोरोना शुल्क अधिरोपित करने की अधिसूचना के अनुसार दोनों मदों से 3 फरवरी 2021 तक कितनी राशि प्राप्त हुई है एवं कोरोना महामारी के लिए स्वास्थ्य विभाग को इस मद से कितनी राशि उपयोग लाई गई है तथा कितनी राशि बची हैं? इसके जवाब में कवासी लखमा ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की अधिसूचना 2.5.2020 अनुसार देशी मदिरा की फुटकर विक्रय दर पर प्रतिनग 10 की दर से विशेष आबकारी शुल्क 198,19,98,240 तथा 15.5.2020 अनुसार विदेशी मदिरा की फुटकर दर पर 10 प्रतिशत की दर से विशेष कोरोना शुल्क 166,55,38,808 रुपये अधिसूचना जारी दिनांक से 3 फरवरी 2021 तक छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कापोर्रेशन लिमिटेड द्वारा शासकीय कोष में जमा की गई। इस मद में कोई राशि अभी तक उपयोग में नहीं लाई गई है क्योंकि वित्त विभाग द्वारा इन दोनों मदों से कोई भी राशि किसी भी विभाग को स्वीकृत नहीं की गई है।
चंद्राकर ने सवाल किया कि यदि किसी भी मद में कोई राशि स्वीकृत / व्यय नहीं की गई है तो इसका क्या कारण है? और कब तक किया जाएगा? इस पर वाणिज्य मंत्री ने कहा कि इन दोनों मदों की राशि सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत गठित मुख्यमंत्री अधोसंरचना उन्नयन एवं विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत कर व्यय किया जाना है जिसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग को द्वितीय अनुपूरक में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

पाठको की राय