विराट की टी20 टीम में परफेक्ट बैलेंस पर होगी नजर
नई दिल्ली
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम की और आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल का टिकट कटाया। अब सबका फोकस टेस्ट से टी20 इंटरनेशनल पर शिफ्ट हो गया है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज 12 मार्च से खेली जानी है। सभी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम पर खेले जाने हैं। इस साल के अंत में भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है, ऐसे में यह टी20 सीरीज दोनों ही टीमों के लिए बहुत अहम होगी। टीम इंडिया इस सीरीज के जरिए टी20 वर्ल्ड कप के लिए परफेक्ट बैलेंस तलाशना चाहेगी। कप्तान विराट कोहली का फोकस इस सीरीज के जरिए अक्टूबर में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए कोर खिलाड़ियों की पहचान करना होगा। भारतीय कप्तान इसके लिए इयोन मोर्गन की अगुवाई वाली दुनिया की नंबर एक टी20 टीम से बेहतर प्रतिद्वंद्वी की उम्मीद नहीं कर सकते। सीरीज के दौरान सपाट पिचों पर ढेरों रन बनने की संभावना है और ऐसे में भारतीय गेंदबाजों की राह आसान नहीं होगी। इंग्लैंड के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने हाल में कहा था, 'हमारे लिए यह शानदार मौका है कि हमें उन हालात में खेलने का मौका मिल रहा है जहां हमें वर्ल्ड कप खेलना है।'
भारत के पास हर स्थान के लिए कई ऑप्शन मौजूद हैं और ऐसे में यह कप्तान के लिए अच्छी खबर है। इस तरह की स्थिति में हालांकि कुछ मुश्किल हालात भी पैदा हो जाते हैं और भारतीय टीम इससे अच्छी तरह वाकिफ है, क्योंकि 2019 वर्ल्ड कप के दौरान टीम इस तरह की स्थिति का सामना कर चुकी है। उस टूर्नामेंट में भारत के पास नियमित रूप से चौथे नंबर पर खेलने वाला कोई बल्लेबाज नहीं था। पुराने अनुभव को देखते हुए कोहली और हेड कोच रवि शास्त्री चाहेंगे कि वे फैसला कर लें कि टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कौन करेगा। इनके पास लोकेश राहुल और शिखर धवन के रूप में दो ऑप्शन मौजूद हैं। कौशल को देते हुए लिमिटेड ओवर के प्लेइंग इलेवन में राहुल का चयन लगभग तय है लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट्स में हमेशा धवन ने शानदार प्रदर्शन किया है और वह टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं। कोहली अगर धवन को मौका देने का फैसला करते हैं तो राहुल को चौथे नंबर पर उतरना पड़ सकता है। यह मुश्किल फैसला है जो कोहली को लेना है क्योंकि अगर ये दोनों खेलते हैं तो श्रेयस अय्यर या सालों की कड़ी मेहनत के बाद टीम में जगह बनाने वाले सूर्यकुमार यादव को बाहर बैठना होगा।
श्रेयस और सूर्यकुमार चौथे या पांचवें नंबर पर आक्रामक बल्लेबाजी का ऑप्शन देते हैं और टीम मैनेजमेंट इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगा। मोटेरा की पिच निश्चित तौर पर सपटा होगी जो खेल के सबसे छोटे फॉर्मैट की जरूरतों के मुताबिक होगी। दोनों टीमों में कई आक्रामक बल्लेबाज हैं और ऐसे में दर्शकों को ढेरों बाउंड्री देखने को मिल सकती हैं। भारत के पास उप-कप्तान रोहित के अलावा ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या जैसे तूफानी बल्लेबाज हैं, जबकि इंग्लैंड की टीम में कप्तान इयोन मोर्गन, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, डेविड मलान और जेसन रॉय जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। टी नटराजन के उपलब्ध नहीं रहने के कारण गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार करेंगे, जबकि सीनियर स्पिनर युजवेंद्र चहल उनका साथ निभाने के लिए मौजूद रहेंगे। इन हालात में स्पिनरों के खिलाफ इंग्लैंड के बल्लेबाजों की कमजोरी को देखते हुए चहल को वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल दोनों का साथ मिल सकता है, जिसके बाद शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और नवदीप सैनी में से किसी एक को खेलने का मौका मिलेगा। लिमिटेड ओवर फॉर्मैट में इंग्लैंड को उसके आलराउंडरों से काफी उम्मीदें होंगी और ऐसे में नजरें स्टोक्स, सैम करन और मोईन अली पर टिकी रहेंगी। इंग्लैंड के पास इसके अलावा जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड, क्रिस जोर्डन जैसे तेज गेंदबाजों के अलावा कलाई के स्पिनर आदिल राशिद भी हैं, जिससे भारत की जीत की राह आसान नहीं होने वाली।
टीमें इस प्रकार हैं
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, राहुल तेवतिया, ईशान किशन (रिजर्व विकेटकीपर)।
इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), जोस बटलर, जेसन रॉय, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, बेन स्टोक्स, मोईन अली, आदिल राशिद, रीस टॉपले, क्रिस जोर्डन, मार्क वुड, सैम कुरेन, टॉम कुरेन, सैम बिलिंग्स, जॉनी बेयरस्टो और जोफ्रा आर्चर।
समय: मैच शाम 7:00 बजे से शुरू होगा।

पाठको की राय