Tuesday, October 20th, 2026

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा दुनिया में भारत को आगे ले जाना है तो इंडस्ट्री को दिखाना होगा साहस

नई दिल्ली
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय उद्योग जगत से पूरा आत्मविश्वास दिखाने और नये-नये निवेश करके भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनाने में योगदान करने का आह्वान किया। उन्होंने अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) के एक कार्यक्रम में शामिल उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियों से कहा कि सरकार ने निवेश के अनुकूल वातावरण बनाने के लिए कंपनी आयकर की दरों में कमी करने सहित कई कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा, ‘मैं चाहूंगी कि अब भारत में निजी निवेशक और निजी उद्योग पूरे आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ायें, ताकि यह साबित किया जा सके कि भारत के लिए यह (सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनना) संभव है।’ वित्त मंत्री ने कहा, ‘हमें क्षमता बढ़ाने की जरूरत है, हमें विस्तार की जरूरत है, हमें बहुत से ऐसे उत्पादों के विनिर्माण की जरूरत जरूरत है, जो अर्थव्यवस्था के लिए बहुत जरूरी हैं।’

उन्होंने कहा कि कर में कमी करने के बाद मैं कामधंधों के विस्तार का इंतजार कर रही हूं। मैं भारत में निजी क्षेत्र से अधिक निवेश देखने का इंतजार कर रही हूं। उल्लेखनीय है कि सरकार ने वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए सितंबर 2019 में कॉरपोरेट कर की दर में भारी कटौती की थी।

 

#वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

Source : Agency

पाठको की राय