Tuesday, October 20th, 2026

वाहन चालक हो जाएं सावधान, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाना अनिवार्, नहीं तो कटेगा चालान

नोएडा
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने अप्रैल 2019 से पहले खरीदी गईं सभी गाड़ियों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया है. ऐसे में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भी यूपी में सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और कलर कोडेड स्टीकर लगाने को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं. इसके तहत प्रदेश में सबसे पहले सभी व्यावसायिक वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना होगा.

इसके लिए 15 अप्रैल आखिरी तारीख तय कर दी गई है. वहीं, निजी वाहनों के लिए उनके क्रमांक के अनुसार अलग-अलग तारीखों तक हाई सिक्योरिटी प्लेट लगवाना अनिवार्य किया गया है. कुल मिलाकर निजी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की यह प्रक्रिया अगले साल 15 जुलाई तक चलेगी. हालांकि अगर आपने अभी तक अपने वाहन पर HSRP नहीं लगाई है तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आप तुरंत अपनी HSRP की बुक कर सकते हैं. जिसके बाद जब तक आपकी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट डिलीवर नहीं हो जाती है. तब तक आप Booking slip दिखाकर Penalty देने से बच सकते है.

निजी वाहनों में आखिरी नंबर के आधार पर तारीखें तय

  • रजिस्ट्रेशन नंबर के अंत में 0 या 1 है- 15 जुलाई 2021 तक
  • रजिस्ट्रेशन नंबर के अंत में 2 और 3 है- 15 अक्टूबर 2021 तक
  • रजिस्ट्रेशन नंबर के अंत में 4 या 5 है- 15 जनवरी 2022 तक
  • रजिस्ट्रेशन नंबर के अंत में 6 या 7 है- 15 अप्रैल 2022 तक
  • रजिस्ट्रेशन नंबर के अंत में 8 या 9 है- 15 जुलाई 2022 तक

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद परिवहन मंत्रालय ने सभी राज्य सरकारों से कहा था कि गाड़ी में किस तरह का ईंधन इस्तेमाल होता है इसका पता लगाने के लिए HSRP के साथ-साथ सभी गाड़ियों पर होलोग्राम आधारित कलर कोडेड स्टीकर को लगाना भी सुनिश्चित करें. इसके बाद से अब नई गाड़ियां हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के साथ ही बेची जा रही हैं. इससे देश के सभी वाहनों की नंबर प्लेट एक जैसी होंगी. कोई शख्स चाहकर भी नंबर प्लेट में बदलाव नहीं कर सकेगा. गाड़ियों की चोरी के साथ-साथ अवैध नंबर प्लेटों पर बिक्री पर भी रोक लगेगी. एचएसआरपी के जरिए किसी भी राज्य की पुलिस आपके गाड़ी की पूरी डिटेल तुरंत ही निकाल लेगी.

एचएसआरपी आवेदन करने के लिए वाहन मालिक को bookmyhsrp.com पर जाकर High Security Registration Plate with Colour Sticker के विकल्प को चुनकर क्लिक करना होगा. इसके बाद गाड़ी का प्रकार, ब्रांड, राज्य, गाड़ी प्राइवेट या कॉमर्शियल, डीजल, पेट्रोल, सीएनजी या इलेक्ट्रिक का विकल्प चुनकर शुल्क जमा करा दें. हालांकि, अलग-अलग राज्यों ने भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए आवेदन की व्यवस्था की है. फिलहाल पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों ने इसके लिए वेबसाइट लॉन्च कर दी है. अन्य राज्यों की ओर से भी एचएसआपी को लेकर विशेष गाइडलाइंस जारी की जा रही हैं.

 

#वाहन चालक#हाई सिक्योरिटी

Source : Agency

पाठको की राय