वायु गुणवत्ता में हुआ सुधार , क्लीन एयर कैटलिस्ट सम्मानित
( अमिताभ पाण्डेय)
इंदौर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान इंदौर जिला प्रशासन ने क्लीन एयर कैटलिस्ट प्रोजेक्ट को नगरीय क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सुधार हेतु सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने इंदौर जिला कलेक्टर डॉ. इलियाराजा टी की मौजूदगी में क्लीन एयर कैटलिस्ट प्रोजेक्ट की ओर से सिटी प्रोजेक्ट ऑफिसर मेघा नामदेव को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर लीड मीडिया कंसलटेंट सुधीर गोरे भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय मैदान, महेश गार्ड लाइन्स, इंदौर में हुआ। इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्यों और महत्वपूर्ण उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित नागरिकों और संस्थानों को भी सम्मानित किया गया। भव्य आयोजन के दौरान इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर के संभागायुक्त माल सिंह भायडिया, नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह, इंदौर के सर्वोच्च पदस्थ पुलिस अधिकारी और राजनैतिक दलों तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
यहां यह बताना जरूरी होगा कि क्लीन एयर कैटलिस्ट, यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएआईडी) के सहयोग से चल रहा कार्यक्रम है, जो वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टिट्यूट (डब्ल्यूआरआई) और एन्वायर्नमेंटल डिफेंस फंड (ईडीएफ) के नेतृत्व में विभिन्न संस्थाओं की वैश्विक साझेदारी है। यह कार्यक्रम वर्ष 2020 में शुरू किया गया । इसके अंतर्गत वायु प्रदूषण को रोकने, जलवायु परिवर्तन से निपटने और लोगों की सेहत में सुधार करने वाले स्थानीय स्तर के उपायों के लिए क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। क्लीन एयर कैटलिस्ट के अन्य भागीदारों में कोलंबिया क्लाइमेट स्कूल, क्लीन एयर टूलबॉक्स फॉर सिटीज़, क्लाइमेट ऐंड क्लीन एयर कोअलीशन, इंटरन्यूज़, एमएपी-एक्यू, ओपन एक्यू और वाइटल स्ट्रेटजीज़ भी शामिल हैं।

पाठको की राय