Wednesday, October 21st, 2026

लखनऊ से कई रूटों पर फिर चलेंगी मेमू ट्रेन, रोज चलने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत

 लखनऊ

कोरोना का खतरा कम हो गया है। मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनें पटरी पर लौट आई हैं। इस बीच दैनिक यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दो साल से यार्ड में खड़ी मेमू को पटरी पर लाने के लिए मरम्मत का काम शुरू हो गया है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने मेमू चलाने के निर्देश सभी रेलवे जोनों को दे दिया है। पटरियों के मरम्मत सहित अन्य कार्य पूरे होते ही मेमू लखनऊ से कानुपर समेत अन्य रूटों पर दौड़ने लगेगी।   

कोरोना काल से रेलवे प्रशासन ने लखनऊ से चलने वाली मेमू ट्रेन का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया था। अब कोविड का प्रकोप कम हुआ तो मेमू को चलने की तैयारी में रेलवे प्रशासन जुट गया है। रेलवे के अधिकारी बताते है कि दैनिक यात्रियों की मांग पर रेलवे बोर्ड ने बीते दिसंबर में ही मेमू ट्रेन चलाने के निर्देश दिए थे। ऐसे में लखनऊ से कानपुर, बाराबंकी, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर, बाराबंकी, सीतापुर रूट पर मेमू जल्द चलेगी।

यात्रियों को महंगे में बसों से करना पड़ रहा सफर
दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने बताया कि लखनऊ से कानपुर, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर आदि रूटों पर जो दैनिक यात्री सफर करते थे। आज वह रोडवेज बसों के दो गुने किराये पर सफर करने को मजबूर है। रेलवे बोर्ड को सवारी गाड़ी चलाने के लिए पत्र भेजा है। आदेश भी आ गए। बावजूद रेलवे प्रशासन मेमू ट्रेन चलाने में कोताही बरत रहा है।
 

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने कहा कि रेल परियोजनाओं के तहत निर्माण कार्य पूरे होने पर मेमू ट्रेन चलाई जाएगी। इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई। यार्ड में खड़ी मेमू ट्रेन के मरम्मत का काम शुरू हो गया है।

 

Source : Agency

पाठको की राय