Tuesday, October 20th, 2026

रेलवे ग्रुप 'डी' की परीक्षा हेतु " युवाम " कराएगी निशुल्क तैयारी


( अमिताभ पाण्डेय )

भोपाल । ( अपनी खबर )
 मध्यप्रदेश के साथ ही देश के अनेक शहरों में  विगत 45 वर्षो से प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी कराने  वाली संस्था युवाम द्वारा रेलवे ग्रुप 'डी' की परीक्षा की तैयारी हेतु 457 वाँ सत्र आयोजित किया जा रहा है ।
उल्लेखनीय है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निशुल्क करवाने के लिए युवाम संस्था की स्थापना पारस सकलेचा ने की । वे रतलाम शहर के महापौर एवम विधायक भी रह चुके हैं।
मध्यप्रदेश ही नहीं देश के अनेक शहरों में युवाम संस्था की शाखाएं सफलता पूर्वक संचालित हो रही है।
युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में " युवाम " संस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस संस्था से प्रशिक्षण लेकर निकले युवा अनेक परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विभिन्न शासकीय कार्यालयों ने प्रतिष्ठित  पदों को सुशोभित कर रहे हैं।
इस बारे में अपनी खबर से चर्चा करते हुए  युवाम संस्था के संचालक धर्मेंद्र मंडवारिया ने बताया कि आगामी फरवरी माह में होने वाली रेल्वे की ग्रुप डी की  परीक्षा की तैयारी हेतु विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित  किया जा रहा है ।
ये प्रशिक्षण की कक्षाएं रतलाम शहर  में भी प्रतिदिन प्रातः 8:00 से 11:00 बजे  युवाम  सभागृह, हरमाला रोड,  श्री चौगानिया भैरु मंदिर के सामने लगेगी ।
सत्र में विषयो के नियमित अध्यापन के साथ , 20 से अधिक मूल्यांकन परीक्षा भी आयोजित की जाएगी । जिसमें मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा ।
सत्र व्यवस्थापक रमेश रावत ने अपनी खबर को  बताया कि इस सत्र में अध्यापन का कार्य युवाम के  संस्थापक पारस दादा, पीयूष चौधरी, नयन सूबेदार, कार्तिक पोरवाल, शिवम राठौड़, बालू सिंह चौहान, दिनेश कटारिया, हरीश प्रजापति एवं अनुभवी अध्यापकों द्वारा करवाया जाएगा ।

 

Source : Agency

पाठको की राय