Thursday, October 22nd, 2026

रेप मामले में बसपा सांसद अतुल राय के पक्ष में बयान देने वाले सीओ एक दिन बाद ही गिरफ्तार

 बाराबंकी वाराणसी 
दुष्कर्म के आरोपी बसपा सांसद अतुल राय के मामले में मंगलवार को उनके पक्ष में कोर्ट में बयान देने वाले वाराणसी में सीओ रहे अमरेश सिंह बघेल को बुधवार की रात बाराबंकी से गिरफ्तार कर लिया गया। बघेल वाराणसी से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान तीन गाड़ियों में शाम से ही तैनात वाराणसी पुलिस ने अहमदपुर टोल प्लाजा से उन्हें पकड़ लिया।


वाराणसी पुलिस ने बाराबंकी की जैदपुर पुलिस को इसकी सिर्फ सूचना दी, मदद नहीं मांगी थी। रात करीब साढ़े नौ बजे वाराणसी पुलिस ने चिह्नित लग्जरी वाहन के टोल पर रुकते ही उसे घेर लिया। इसके बाद निलंबित सीओ को गिरफ्तार कर उन्हें अपनी जीप में बैठाकर वाराणसी ले आई। पुलिस ने बताया कि उसके पास सिर्फ गिरफ्तारी की सूचना आई है। निलम्बित सीओ बघेल जैदपुर थाने में एक वर्ष से अधिक समय तक प्रभारी निरीक्षक के रूप में तैनात रहे हैं और उसी थाना क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार किया गया। सीओ ने एमपी-एमएलए कोर्ट में मंगलवार को घोसी सांसद अतुल राय के पक्ष में अपना बयान दर्ज कराया था। बयान के बाद अदालत में अगली तारीख पर भी उनका बयान दर्ज होन है।

 
सांसद अतुल राय पर बलिया की रहने वाली एक युवती ने 2019 में वाराणसी में अपने घर बुलाकर रेप का आरोप लगाया था। युवती के आरोपों पर केस दर्ज हुआ और अतुल राय को सरेंडर करना पड़ा था। तभी से अतुल राय जेल में है। सांसद अतुल राय के पिता भारत सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाराणसी को एक प्रार्थना पत्र दिया। इसमें यह कहा था कि अतुल राय के विरुद्ध साजिश के तहत एक झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसकी जांच कराई जाए इस प्रार्थना पत्र पर सीओ भेलूपुर को जांच करने का आदेश जारी हुआ। 8 अगस्त 2020 को उन्होंने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाराणसी को दी। अतुल राय के पिता भारत सिंह ने सीओ भेलूपुर के द्वारा की गई जांच रिपोर्ट को सूचना के अधिकार के कानून के तहत मांगा। इसपर यह रिपोर्ट उन्हें 21 अगस्त 2020 को मिल गई। अतुल राय की ओर से इसी रिपोर्ट को एक प्रार्थना पत्र के साथ अदालत में देकर मांग की गई थी कि सीओ अमरेश कुमार सिंह बघेल को बतौर बचाव पक्ष के  गवाह तलब कर उनका बयान दर्ज किया जाए। 

 

#बसपा सांसद अतुल राय

Source : Agency

पाठको की राय