रेप के मामलों के खिलाफ आक्रोश, भाजपा महिला मोर्चा का 20 को पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन
रायपुर
प्रदेश में रेप की बढ़ती घटनाओं को लेकर भाजपा महिला मोर्चा पूरे प्रदेश में व्यापक विरोध करने की तैयारी में है। 20 फरवरी को रायपुर से इसकी शुरूआत करेंगे,महिलाएं बूढ़ातालाब धरना स्थल पर पहले विरोध प्रदर्शित करेंगे इसके बाद राज्यपाल को राजभवन पहुंचकर ज्ञापन सौपेंगी। पश्चात हर जिले में धरन प्रदर्शन किया जायेगा।
गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में पूर्व मंत्री लता उसेंडी ने बताया कि 20 फरवरी को रायपुर के विरोध प्रदर्शन के अलावा लगभग हर जिला मुख्यालय में इसी तरह से प्रदर्शन होगा। उन जगहों पर राज्यपाल के नाम का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा। उसेंडी ने कहा कि राज्य में अनाचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार संवेदनशील नहीं है, इस वजह से अपराध की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। अब प्रदेश की महिलाएं यह सब नहीं सहने वालीं। बजट सत्र के दूसरे सप्ताह में विधानसभा घेराव की भी तैयारी है। इस दौरान भी भारतीय जनता पार्टी की महिला नेता महिलाओं से जुड़े अपराधों में विधानसभा का घेराव करेंगीं।
पूर्व मंत्री लता उसेंडी ने दावा किया है कि बलरामपुर जिले में बीते 9 माह के भीतर 104 ऐसे केस सामने आये हैं जिनमें 79 तो केवल नाबालिग के खिलाफ दुष्कर्म हुए हैं। इसी तरह बिलासपुर में पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 30 अक्टूबर तक जिले के 20 थाना क्षेत्रों में 6 हजार से अधिक अपराध दर्ज किए गए हैं। विधानसभा में छत्तीसगढ़ की सरकार ने स्वीकार किया कि राज्य में 1 जनवरी 2019 से 31 जनवरी 2020 तक डकैती, लूट, हत्या, बलात्कार और अन्य अपराधों के 17,009 मामले सामने आये हैं। इस दौरान केवल बलात्कार के ही 2,575 मामले सामने आए हैं। इस तरह से देखा जाए तो दुष्कर्म की लगभग 7 घटनाएं रोज सामने आ रही हैं।

पाठको की राय