रायपुर रेल मंडल के सिविल डिफेंस ने फायर फाइटिंग का किया प्रदर्शन
रायपुर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सेक्रेसा ग्राउंड डब्लूआरएस कॉलोनी में आगजनी घटनाओं से बचाव के लिए मंडल संरक्षा विभाग द्वारा सघन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत गुरुवार को सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर कोटेश्वर राव के द्वारा अपने टीम के साथ फायर फाइटिंग के तमाम विधियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान रेलवे में प्रयुक्त विभिन्न प्रकार के अग्नि शामक यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई एवं उनकी कार्यविधि, सावधानियों के बारे में विस्तार के साथ बताया गया। इनमें प्रमुख हैं कंट्रोल्ड एवं नॉन कंट्रोल्ड डीसीपी, कार्बन डाइआॅक्साइड एवं क्लीन एजेंट अग्नि शामक यंत्रों के अलावा जेल ब्लैंकेट एवं फायर ब्लैंकेट का प्रदर्शन एवं उनके बारे में भी बताया गया। दरअसल, इसका उद्देश्य लोगों को इस बारे में जागरुक करना था कि आग लगने की स्थिति में उसे कैसे नियंत्रित करना है। इसके अलावा घरों में प्रयुक्त एलपीजी सिलेंडर के प्रति क्या क्या सावधानियां बरती जाए एवं किस किस प्रकार से आग लग सकती है एवं किन किन विधियों से आग पर काबू पा सकते हैं, इसका जीवन्त प्रदर्शन किया गया।
गीली चादर से सिलेण्डर को लपेट कर, बाल्टी द्वारा, अंगूठे से, हथेली से इत्यादि विधियों का प्रयोग किया गया। अंत में ए, बी एवं सी क्लास आग लगाई गई एवं अग्नि शामक यंत्रों के प्रयोग से आग पर काबू पाया गया। इसे कार्यान्वित करने के लिए प्रमुख रूप से उपस्थित थे मेजर कमल, बी रमना, वेणुगोपाल, केशव गुप्ता और रूपेश साहू।

पाठको की राय