Friday, October 23rd, 2026

राम मंदिर के लिए जमीन खरीद में घोटाले करने वाले जेल भेजे जाएं: संजय सिंह

लखनऊ
आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने एक बार फिर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए खरीदी गई जमीन में गड़बड़ी का मामला उठाया है। इस मामले को लेकर लगातार भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साध रहे संजय सिंह ने कहा कि चंदे की जमीन का पैसे से हुए भ्रष्टाचार की जांच की जाए और जो नेता इसमें शामिल हैं, उन पर मुकदमा कायम करते हुए जेल भेजा जाए। 

आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने यूपी सरकार को घेरते हुए कहा है कि अयोध्‍या में जमीनों की खरीद में भ्रष्‍टाचार सामने आ चुका है। नौ दिन गुजरने के बाद भी हर खरीद में गवाह बने ट्रस्‍ट के सदस्‍य अनिल कुमार मिश्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि जितनी भी नजूल की जमीन ट्रस्ट को बेची गई है उसे मंदिर निर्माण के लिए फ्री में मुहैया करवाया जाए और भगवान राम के नाम पर भ्रष्‍टाचार करने वाले भाजपा नेताओं और ट्रस्‍ट के पदाधिकारियों से वसूली करके उन्‍हें जेल भेजा जाए।

संजय सिंह ने कहा कि आचार्य देवेंद्र प्रसाद ने सामने आकर कहा कि मुझसे भाजपा के मेयर ने नजूल की जमीन ली। नजूल की जमीन अर्थात सरकारी जमीन जिसे बगैर फ्री होल्‍ड कराए उसका मालिकाना हक किसी को प्राप्‍त नहीं हो सकता। फिर भी भाजपा नेताओं और ट्रस्‍ट के पदाधिकारियों की मिलीभगत से इतना बड़ा भ्रष्‍टाचार हुआ। सरकारी जमीन को करोड़ों रुपये में खरीदा-बेचा गया। लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि अब मामला सामने आने के बाद डीएम जांच कराने की बात कह रहे हैं। नजूल की जमीन के स्‍वामी खुद डीएम होते हैं, वह ट्रस्‍ट के सदस्‍य भी हैं, ऐसे में अयोध्‍या के जिलाधिकारी का बयान हास्‍यास्‍पद है। उन्‍होंने भाजपा के मेयर और अन्‍य नेताओं के पदाधिकारियों के साथ मिलकर जिस जमीन को मुफ्त में मंदिर को दिया जा सकता था, उसे करोड़ों रुपये में बिकवाया। 

 

#संजय सिंह

Source : Agency

पाठको की राय