यूपी में ओमिक्रोन की दस्तक? NRI सहित चार लोग मिले कोरोना पॉजिटिव, स्टेट सर्विलांस टीम को दी सूचना
बरेली
ब्रिटेन की नागरिकता ले चुके युवक समेत चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। बरेली में पैदा हुए और ब्रिटेन की नागरिकता ले चुके युवक ने दो दिन पहले राजेंद्रनगर की निजी लैब में जांच कराई थी। उसका मोबाइल नंबर गलत निकला है। पहचान पत्र के रूप में ब्रिटिश पासपोर्ट होने की वजह से पता ट्रेस नहीं हो पा रहा है। इसकी सूचना स्टेट सर्विलांस टीम को दे दी गई है। अन्य संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच कराने की तैयारी की जा रही है। राजेंद्रनगर स्थित फोकस लैब में बीते 3 दिसंबर को ब्रिटेन की नागरिकता ले चुके युवक की कोरोना की जांच हुई थी। उसने पहचान पत्र के लिए ब्रिटिश पासपोर्ट दिया था।
युवक की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। जब एनआरआई को फोन किया गया तो पता चला कि मोबाइल नंबर गलत है। एसीएमओ डा. हरपाल सिंह ने बताया कि उसकी रिपोर्ट के साथ फोकस लैब ने जो मोबाइल नंबर दिया था, वह सैंपल कलेक्शन करने गए कर्मचारी का है।
ब्रिटिश पासपोर्ट होने की वजह से कोरोना संक्रमित का पता भी नहीं ट्रेस हो पा रहा है। लैब की लापरवाही के चलते नोटिस जारी किया गया है और जवाब मांगा गया है। साथ ही कोरोना संक्रमित मिले मरीज की जानकारी जुटाकर देने को कहा गया है। वहीं, गैस एजेंसी पर काम करने वाली 56 साल की महिला की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित मिली है। वह त्रिवटीनाथ मंदिर के पास बीडीए कालोनी में मंदिर रहती है। वह दो सप्ताह पहले फरीदाबाद में एक शादी में गई थी। उसके संपर्क में करीब 30 लोग आए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग शुरू हो गई है।

पाठको की राय