Tuesday, October 20th, 2026

यूपी पंचायत चुनाव : भड़काऊ भाषण देने के आरोप में डॉ. कफील खान पर रासुका

गोरखपुर
डॉ. कफील खान एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. गोरखपुर शहर के राजघाट थाने की पुलिस ने डॉ. कफील खान की हिस्ट्रीशीट खोल दी है. गौरतलब है कि भड़काऊ भाषण देने के आरोप में पूर्व में डॉ. कफील खान पर रासुका के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसमें कफील 8 महीने तक मथुरा जेल में बंद रहे थे. अब पुलिस द्वारा कफील की हिस्ट्रीशीट खोले जाने से एक बार फिर वह सुर्खियों में हैं.

गोरखपुर पुलिस ने डॉ. कफील समेत 81 बदमाशों की पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोली है. इनमें 70 नए बदमाशों पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की गई है, जबकि जमानत पर जेल से छूटे कई बदमाशों को पुलिस ने फिर से जेल भेजा है. गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले की पुलिस ने बदमाशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन कांड के आरोपी डॉ. कफील समेत 81 लोगों की हिस्ट्रीशीट खोली है. साथ ही जिले के 70 नए बदमाशों को चिह्नित कर उन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है. इस दौरान जमानत पर छूटे बदमाशों की निगरानी की जा रही है. इसमें से कइयों को पुलिस ने दोबारा दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा है.

मीडिया से बाचतीत में डीआईजी/एसएसपी जोगेन्द्र कुमार ने बताया है कि पंचायत चुनाव को देखते हुए पुलिस अभी से हर गांव में बदमाशों की पहचान कर रही है. 300 बदमाशों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है. चार्ज लेने के बाद से ही एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बदमाशों पर शिकंजा कसने का निर्देश जारी किया था. खास बात यह है कि बदमाशों पर नकेल कसने की कवायद का एसएसपी ने खुद मानीटरिंग की तो इसका असर अब दिखने लगा है. खासकर लंबे समय से बंद हिस्ट्रीशीटर की कार्रवाई को दोबारा शुरू कराया गया है.

डीआईजी/एसएसपी जोगेन्द्र कुमार का कहना है कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. गांवों में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिह्नित कर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जा रही है. इसके साथ ही अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त कराने की कार्रवाई भी पुलिस तेजी से कर रही है. हाल के दिनों में करीब 16 बदमाशों के 1.94 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. डीआईजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे भी जारी रहेगी.

 

Source : Agency

पाठको की राय