Wednesday, October 21st, 2026

यूपी पंचायत चुनाव : अमरोहा में आरक्षण लिस्ट तैयार 

 अमराेहा 
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए संशोधित आरक्षण चार्ट जिले को मिल गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ब्लाक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्यों की सीटों में बड़े बदलाव की संभावना है। बीती रात आरक्षण का जीओ पंचायत अफसरों को मिल गया। शासन की गाइडलाइन अनुसार सीटों को आरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। 20 से 22 मार्च को आरक्षण सूची जारी की जाएगी। नए सिरे से आरक्षण का जीओ जारी होते ही गांव की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। कौन से सीट किस वर्ग के खाते में आएगी, इसको लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।

पंचायत चुनाव को पूर्व में जारी आरक्षण सूची को रद्द करते हुए अब नए सिरे से आरक्षण तैयार कराया जा रहा है। बुधवार रात दस बजे के बाद पंचायत अफसरों को पंचायत आरक्षण का ऑनलाइन जीओ प्राप्त हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट अनारक्षित घोषित हुई है। जिसके चलते अध्यक्ष पद पर रोचक मुकाबला होगा। जबकि ब्लाक प्रमुख और ग्राम प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य की सीटों के आरक्षण में बड़े स्तर बदलाव होने की अफसर बात कह रहे हैं। ब्लाक प्रमुख, बीडीसी और ग्राम प्रधान पद के आरक्षण का चार्ट शासन से पंचायत अफसरों को मिल गया है। शासन से जारी आरक्षण चार्ट के अनुसार ही अब ग्राम प्रधान की सीटें आरक्षित की जाएंगी। आरक्षित ग्राम पंचायत प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का आवंटन तथा जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत ग्राम पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों वार्ड आरक्षण एवं आवंटन की सूची का डीएम द्वारा 20 से 22 मार्च को प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 20 से 23 मार्च तक आरक्षण सूची पर आपत्तियां ली जाएंगी। 24 मार्च से 25 मार्च तक आपत्तियों की जांच कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद 26 मार्च को आरक्षण की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। पंचायत आरक्षण का जीओ जारी होते ही गांव की राजनीति से लेकर सियासी दलों में हलचल बढ़ गई है। भावी उम्मीदवारों की निगाहें आरक्षण सूची के प्रकाशन पर टिकी हैं। क्योंकि सीटों में होने वाले बदलाव से भावी उम्मीदवारों की उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा तो कहीं प्रस्तावित आरक्षण सूची से झटका खाने वालों की बुझी लो फिर से जल सकती है।

 

#यूपी पंचायत चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय