Tuesday, October 20th, 2026

यूपी पंचायत चुनाव के लिए बन रहा है सी-प्लान ऐप 

 बागपत  
लोकसभा चुनाव की तरह इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी सी-प्लान ऐप पुलिस का मददगार बनेगा। पुलिस विभाग इस ऐप का प्रयोग अब पंचायत चुनाव में भी करने जा रहा है। इसमें गांवों-कस्बों के दस-दस संभ्रांत लोग जुड़ेंगे। नाम के साथ उनके मोबाइल नंबर मौजूद रहेंगे। किसी भी अप्रिय घटना के घटित होने या अफवाह फैलने पर पुलिस संभ्रांत लोगों से संपर्क साधकर मामले की सच्चाई का पता लगाएगी और समय रहते स्थिति को नियंत्रित करेगी।

बागपत में लोकसभा चुनाव के दोरान पुलिस ने सी-प्लान ऐप की मदद ली थी। जिसका परिणाम यह रहा कि लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था। अब पुलिस विभाग त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी इस एप की मदद लेने जा रहा है। एएसपी बागपत मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि सी प्लान एप को कम्युनिटी पुलिसिंग, आमजन से सीधे संवाद, कानून व्यवस्था बनाना और पुलिस के कार्यों में जनता की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बनाया गया है। जिलेभर के सभी गांवों के अलावा बागपत, बड़ौत और खेकड़ा शहर के लोगों को भी ग्रुप से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि आमतौर पर चुनाव के दौरान अफवाहों से माहौल बिगड़ता है। ऐसे में अब इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पुलिस ने इस एप को सक्रिय करने का निर्णय लिया है। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए इस एप की शुरुआत की गई थी। तब पुलिस कर्मियों ने गांव-गांव,मोहल्ले-मोहल्ले जाकर संभ्रांत नागरिकों को इस एप से जोड़ा था। एप में ग्राम व लोगों के नाम के साथ उनके मोबाइल नंबर मौजूद हैं। एप के जरिए एक क्लिक से ही इन लोगों के नंबर पुलिस कर्मियों के मोबाइल स्क्रीन पर आ जाते हैं। 

जनपद में किसी भी अप्रिय घटना के घटित होने या अफवाह फैलाने पर पुलिस गणमान्य नागरिकों से संपर्क साधती है। स्थिति को अपने नियंत्रण में लेती है। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए मद्देनजर सी प्लान एप को अपडेट किया जा रहा है। वहीं थानेवार व्हाटसएप ग्रुप भी बनाए गए हैं। जिन पर तीन हजार से अधिक लोगों को जोड़ा गया है।

 

#यूपी पंचायत चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय